नित्यानंद देश छोड़कर भागा, बच्चों के अपहरण व रेप का है आरोपी

नित्यानंद देश छोड़कर भागा, बच्चों के अपहरण व रेप का है आरोपी

Manmohan Prajapati
Update: 2019-11-22 06:12 GMT
नित्यानंद देश छोड़कर भागा, बच्चों के अपहरण व रेप का है आरोपी

डिजिटल ​डेस्क, अहमदाबाद। अपहरण व रेप का आरोपी स्वयंभू बाबा नित्यानंद देश छोड़कर भाग गया है। इस बात की पुष्टि खुद गुजरात पुलिस ने की है। नित्यानंद के बच्चों के अपहरण और उन्हें अपने आश्रम में बंधक बनाकर उनसे चंदा इकट्ठा कराने का आरोप है। जिसके तहत नित्यानंद के खिलाफ फौजदारी मामला दर्ज है। इसके अलावा आरोपी नित्यानंद के खिलाफ कर्नाटक में भी दुष्कर्म का केस दर्ज है।

इस मामले में नित्यानंद के खिलाफ सबूत जुटाने के लिए पुलिस ने उसकी दो महिला अनुयायियों को भी गिरफ्तार किया है। बता दें कि नित्यानंद गुजरात के अहमदाबाद में नित्यानंद योगिनी सर्वज्ञापीठम के नाम से अपना आश्रम चलाता है।

दो महिला अनुयायी गिरफ्तार
गुजरात पुलिस ने गुरुवार को दोनों महिला अनुयायियों- साध्वी प्राण प्रियानंद और प्रियातत्व रिद्धि किरण को रिमांड पर लिया। दोनों पर चार बच्चों को कथित तौर पर अगवा करने और उन्हें एक फ्लैट में बंधक बनाकर रखने का आरोप है।

अहमदाबाद (ग्रामीण) के एसपी एस. वी. असारी के अनुसार नित्यानंद विदेश भाग गया है और अगर जरूरत पड़ी तो गुजरात पुलिस उचित माध्यम के जरिए उसकी हिरासत हासिल करेगी। उन्होंने कहा है कि नित्यानंद के भारत आने के बाद हम यकीनन उसको गिरफ्तार करेंगे। 

जांच के लिए टीम का गठन करने को कहा
वहीं इस पूरे मामले को लेकर गुजरात के गृह मंत्री प्रदीप सिंह जडेजा ने कहा कि मामले में शामिल किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि डीजीपी ने मामले की गहन जांच के लिए संबंधित एसपी को एक टीम का गठन करने का निर्देश दिया है। डीजीपी ने मामले की गहन जांच के लिए संबंधित एसपी से एक टीम का गठन करने को कहा है और मामले में संलिप्त हर व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मालूम हो कि पुलिस ने बुधवार (20 नवंबर) को अहमदाबाद में अपना आश्रम योगिनी सर्वज्ञपीठम चलाने के लिए बच्चों को कथित तौर पर अगवा करने और उन्हें बंधक बनाकर अनुयायियों से चंदा जुटाने के काम में लगाने के आरोप में स्वयंभू बाबा स्वामी नित्यानंद के खिलाफ एक मामला दर्ज किया था।

Tags:    

Similar News