UP : लोकसभा चुनाव के लिए सीटों का बंटवारा, प्रियंका को 41 और सिंधिया को 39 सीटों का प्रभार

UP : लोकसभा चुनाव के लिए सीटों का बंटवारा, प्रियंका को 41 और सिंधिया को 39 सीटों का प्रभार

Bhaskar Hindi
Update: 2019-02-12 18:05 GMT
UP : लोकसभा चुनाव के लिए सीटों का बंटवारा, प्रियंका को 41 और सिंधिया को 39 सीटों का प्रभार
हाईलाइट
  • आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने कमर कस ली है।
  • प्रियंका को पूर्वी उत्तर प्रदेश में 41 लोकसभा क्षेत्रों का प्रभार दिया है।
  • प्रियंका गांधी को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को एक बड़ा फैसला लिया है।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने कमर कस ली है। प्रियंका गांधी को मैदान में उतारने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश में सीटों का बंटवारा कर दिया। राहुल ने बहन प्रियंका को पूर्वी उत्तर प्रदेश में 41 लोकसभा क्षेत्रों का प्रभार दिया है। जबकि वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया को पश्चिमी यूपी में 39 निर्वाचन क्षेत्रों का प्रभारी बनाया गया है। कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने मंगलवार को इस संबंध में आधिकारिक घोषणा की।

प्रियंका गांधी मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी मिलीं थी। इस दौरान प्रियंका ने कार्यकर्ताओं से यूपी में कांग्रेस को मजबूत करने को लेकर चर्चा की। प्रियंका को यूपी में इलाहाबाद, बाराबंकी, फैजाबाद, अम्बेडकर नगर, कासरगंज, गोंडा, डुमरियागंज, बस्ती, फूलपुर, लालगंज, आजमगढ़, घोसी, संतकबीर नगर, महराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, बांसगांव, उन्नाव, मोहनलालगंज, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, जालौन, बांदा, फतेहपुर, कौशाम्बी,  सलेमपुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, बलिया, जौनपुर, मछलीशहर, गाजीपुर, मिर्जापुर, रॉबर्ट्सगंज, झांसी, हमीरपुर सीटों का प्रभार दिया गया है।

 

 

वहीं ज्योतिरादित्य सिंधिया को सहारनपुर, कैराना, अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, आगरा, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, नगीना, मुरादाबाद, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, खीरी, रामपुर, संभल, फतेहपुर सीकरी, धौरहरा, सीतापुर, हरदोई, मिश्रिख, फर्रूखाबाद, कन्नौज, कानपुर, अकबरपुर, बहराइच, श्रावस्ती लोकसभा सीटों का कार्यभार सौंपा गया है। 

पार्टी उत्तर प्रदेश में बड़ी जीत की तैयारी में जुटी हुई है। कांग्रेस ने चुनावी रणनीति तैयार के तहत मंगलवार को ऐलान किया था कि प्रियंका उत्तर प्रदेश में तीन दिन में 34 बैठक लेंगी। पार्टी ने कहा था कि प्रियंका हर दिन 12 घंटे कार्यकर्ताओं के साथ चुनाव पर मंथन करेंगी। प्रियंका गांधी के साथ कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया भी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक लेंगे। 

इससे पहले सोमवार को प्रियंका गांधी वाड्रा ने लखनऊ में 25 किलोमीटर रोड शो किया था। राहुल-प्रियंका के साथ ज्योतिरादित्य सिंधिया, आरपीएन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर, जितिन प्रसाद भी मौजूद रहे थे। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा था कि "राज्य में जबतक कांग्रेस की सरकार नहीं बनती है तब तक वह चैन से नहीं बैठेंगे। हमारे सामने लोकसभा का चुनाव है, मैंने प्रियंका और ज्योतिरादित्य से कहा है कि इस चुनाव में बेहतर प्रदर्शन होना चाहिये। इसके बाद उत्तर प्रदेश में होने वाले अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार भी बनानी होगी।" 

राहुल ने कहा था कि हम अखिलेश और मायावती का सम्मान करते हैं, पर हम अपनी पूरी ताकत से राज्य की स्थिति बदलने का प्रयास करेंगे। गांधी ने प्रियंका और सिंधिया से आग्रह किया था कि वे जमीनी स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ काम करें। लखनऊ में रैली के दौरान राहुल ,प्रियंका और सिंधिया ने केंद्र सरकार को राफेल, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर भी घेरा था।  

Similar News