प्रियंका ने संभाला महासचिव पद, कार्यकर्ताओं से पूछा- कैसा है यूपी का जमीनी माहौल?

प्रियंका ने संभाला महासचिव पद, कार्यकर्ताओं से पूछा- कैसा है यूपी का जमीनी माहौल?

Bhaskar Hindi
Update: 2019-02-06 12:08 GMT
प्रियंका ने संभाला महासचिव पद, कार्यकर्ताओं से पूछा- कैसा है यूपी का जमीनी माहौल?
हाईलाइट
  • प्रियंका गांधी के पद भार संभालने को लेकर कांग्रेस नेताओं से लेकर कार्यकर्ताओं तक सभी में जबरदस्त जोश देखने को मिला।
  • कार्यालय में प्रियंका ने सबसे पहले सलमान खान और सुल्तान अहमद खान नाम के दो यूपी के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
  • पूर्वी उत्तर प्रदेश की कांग्रेस प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को महासचिव का पद संभाला।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पूर्वी उत्तर प्रदेश की कांग्रेस प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को महासचिव का पद संभाला। प्रियंका गांधी के पद भार संभालने को लेकर कांग्रेस नेताओं से लेकर कार्यकर्ताओं तक सभी में जबरदस्त जोश देखने को मिला। प्रियंका सक्रिय राजनीति में उतरने वाली गांधी-नेहरू परिवार की पांचवी पीढ़ी की सदस्य हैं। कांग्रेस मुख्यालय में प्रियंका को पार्टी प्रेसिडेंट और उनके भाई राहुल गांधी के बगल वाला ऑफिस अलॉट हुआ है। पद संभालने के बाद प्रियंका गांधी ने कहा कि "मैं खुश हूं राहुल गांधी ने मुझे ये जिम्मेदारी दी है।"

 

 

प्रियंका गांधी के अचानक कार्यालय पहुंचने पर वहां मौजूद कार्यकर्ता हैरत में पड़ गए। किसी को भी प्रियंका के यूं अचानक दफ्तर पहुंचने की उम्मीद नहीं थी। कार्यालय में प्रियंका ने सबसे पहले सलमान खान और सुल्तान अहमद खान नाम के दो यूपी के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने दोनों से पूछा कि यूपी में इस वक्त जमीनी माहौल कैसा है? दोनों ने कहा कि कांग्रेस आपकी वजह से पूर्वांचल में धमाका करने वाली है। इस पर प्रियंका ने कहा कि हौसला रखिए मैं आउंगी और आपसे काम कराउंगी। इसके बाद प्रियंका ने कई अन्य लोगों से भी मुलाकात की। करीब आधे घंटे तक वह अपने दफ्तर में रुकी।

बता दें कि प्रियंका गांधी को 24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय में ऑफिस अलॉट होने के बाद मंगलवार को नेम प्लेट लगाई गई थी। ये वही ऑफिस है जो पहले राहुल गांधी को अलॉट हुआ था जब वह महासचिव थे। इससे पहले कांग्रेस के पूर्व महासचिव जनार्दन द्विवेदी और सुशील कुमार शिंदे को भी ये ऑफिस अलॉट हुआ था। राहुल गांधी ने पिछले महीने अपनी बहन के सक्रिय राजनीति में आने की घोषणा की थी। उन्होंने पश्चिम और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए दो प्रभारी महासचिव नियुक्त किए हैं। इसमें पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभार प्रियंका गांधी और पश्चिम उत्तर प्रदेश का प्रभार कांग्रेस सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को दिया गया है।

Similar News