प्रियंका का मोदी पर तंज, कहा- जनता की समस्या सुनना नहीं चाहते पीएम, क्या यही है राष्ट्रवाद

प्रियंका का मोदी पर तंज, कहा- जनता की समस्या सुनना नहीं चाहते पीएम, क्या यही है राष्ट्रवाद

Bhaskar Hindi
Update: 2019-04-28 04:37 GMT
प्रियंका का मोदी पर तंज, कहा- जनता की समस्या सुनना नहीं चाहते पीएम, क्या यही है राष्ट्रवाद
हाईलाइट
  • उत्तर प्रदेश के दौरे पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी।
  • मुझे नहीं पता पीएम मोदी की जाति: प्रियंका गांधी

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। लोकसभा चुनाव के चौथे चरण का प्रचार थमने के बाद राजनीतिक दलों ने 5वें चरण की तैयारी शुरू कर दी है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज (रविवार) उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं। प्रियंका ने अमेठी के मेदरका गांव में ग्रामीण महिलाओं के साथ बातचीत की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी जनता की समस्याएं तक सुनना नहीं चाहते, ये किस तरह का राष्ट्रवाद है। प्रियंका गांधी ने बहराइच में जनसभा को संबोधित किया। इससे पहले उन्होंने चुनावी मुद्दों और पीएम मोदी की जाति को लेकर बयान दिया। 

दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खुद को अति पिछड़ा बताने पर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी प्रधानमंत्री पर हमला बोला है। प्रियंका ने कहा, मुझे आजतक नहीं मालूम कि प्रधानमंत्री कौन सी जाति के हैं। मेरे ख्याल से विपक्ष ने कभी इस तरीके से बात नहीं की। प्रियंका ने कहा, "जहां तक विपक्ष की बात है तो मैं जानती हूं कि खास तौर पर कांग्रेस के नेता सिर्फ विकास के मुद्दे उठा रहे हैं। हमने उनके (पीएम मोदी) खिलाफ कभी कोई व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं की। 

 

अमेठी में चुनावी मुद्दो को लेकर प्रियंका ने कहा, मुद्दे तो स्पष्ट हैं, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य। राष्ट्रवाद लोगों की समस्याओं को हल करने के लिए है। यहां वे लोगों की बात नहीं सुनते, जब लोग अपने मुद्दे उठाते हैं तो वे उन्हें दबा देते हैं, यह न तो लोकतंत्र है और न ही राष्ट्रवाद।

मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए प्रियंका ने कहा, जिस तरह से वे मीडिया के सामने पैसे, साड़ी और जूते बांटकर चुनाव लड़ते हैं, वह गलत है। उन्होंने कहा, अमेठी के लोगों ने कभी किसी के सामने भीख नहीं मांगी। मैं 12 साल की उम्र से यहां आ रही हूं, अमेठी और रायबरेली के लोगों में बहुत आत्मसम्मान है।

बता दें कि लोकसभा चुनाव प्रचार के लिए कांग्रेस महासचिव और पूर्वी यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा लगातार उत्तर प्रदेश में चुनावी रैलियां और रोड शो कर रही हैं। शनिवार को उन्होंने बाराबंकी में जनसभा को संबोधित किया था। जनसभा से पहले प्रियंका ने उन्नाव में रोड शो किया था। वह यहां कांग्रेस की प्रत्याशी अन्नू टंडन के पक्ष में प्रचार करने पहुंची थी।

29 अप्रैल को होगा चौथे चरण का मतदान
चौथे चरण में उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान समेत 9 राज्यों में 71 सीटों पर मतदान होगा। 29 अप्रैल को होने वाले मतदान में जिन दिग्गजों की किस्मत दांव पर होगी उनमें उत्तर प्रदेश में कन्नौज से डिंपल यादव, उन्नाव लोकसभा सीट से साक्षा महाराज और फर्रुखाबाद से सलमान खुर्शीद हैं।

Tags:    

Similar News