राजस्थान : पूर्व मंत्री किरोड़ीलाल मीणा भाजपा में शामिल, 10 साल बाद हुई घर वापसी

राजस्थान : पूर्व मंत्री किरोड़ीलाल मीणा भाजपा में शामिल, 10 साल बाद हुई घर वापसी

Bhaskar Hindi
Update: 2018-03-11 12:28 GMT
राजस्थान : पूर्व मंत्री किरोड़ीलाल मीणा भाजपा में शामिल, 10 साल बाद हुई घर वापसी

डिजिटल डेस्क, जयपुर। राजस्थान के उपचुनावों में BJP को करारी हार मिलने के बाद अब बड़ी राहत मिली है। हार से तिलमिलाई BJP को अब एक समय पार्टी के बड़े कद्दावर नेता रहे किरोड़ीलाल मीणा का सहारा मिला है। 10 साल बाद पार्टी में उनकी वापसी हुई है। जयपुर में आज उनकी वापसी का कार्यक्रम रखा गया, जिसमें मुख्मंत्री वसुंधरा राजे, BJP के प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी सहित कई मंत्री मौजूद थे। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मीणा अपनी पत्नी और विधायक गोलमा देवी के साथ BJP मुख्यालय पहुंचे। उनके साथ ही विधायक गीता देवी भी BJP मुख्यालय पहुंचीं, जहां पर उनका बहुत ही धूमधाम से स्वागत किया गया। BJP के प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने पार्टी का दुपट्टा और माला पहना कर किरोड़ीलाल मीणा का स्वागत किया। BJP प्रदेश अध्‍यक्ष अशोक परनामी ने मीणा के पार्टी में वापसी पर कहा कि विचारधारा में विचारधारा शामिल हो रही है। 

राजापा विधायकों के वसुंधरा मंत्रिमंडल में शामिल होने की उम्मीद
सूत्रों ने बताया कि BJP किरोड़ी को राज्यसभा के लिए अपना प्रत्याशी बनाने को भी तैयार है, लेकिन वे अपने भाई को राज्यसभा भेजने की सिफारिश कर रहे हैं। अब मीणा की पार्टी RJP का भी BJP में विलय तय माना जा रहा है। कुछ रिपोर्टों की मानें तो RJP के विधायकों को वसुंधरा मंत्रिमंडल में भी शामिल कर सकती हैं। किरोड़ीलाल मीणा, राजस्थान में मीणा समाज के बड़े नेता माने जाते हैं। मीणा बाहुल्य एवं राज्य के अन्य आदिवासी क्षेत्रों में पकड़ बनाने में BJP को इससे बड़ा फायदा होने की उम्मीद है। 2008 में वसुंधरा राजे से मनमुटाव होने के बाद मीणा ने भाजपा छोड़ दी थी। उस वक्त मीणा वसुंधरा सरकार में खाद्य मंत्रालय का कार्यभार संभाल रहे थे। उसके बाद मीणा ने अशोक गहलोत को समर्थन दिया था, और गहलोत सरकार में मीणा की पत्नी राज्यमंत्री भी बनाई गई थीं। आपको बता दें 2018 में राजस्थान में चुनाव होने हैं।

Similar News