राजद भी दिल्ली चुनाव में उतरने को तैयार

राजद भी दिल्ली चुनाव में उतरने को तैयार

IANS News
Update: 2020-01-10 10:30 GMT
राजद भी दिल्ली चुनाव में उतरने को तैयार
हाईलाइट
  • राजद भी दिल्ली चुनाव में उतरने को तैयार

नई दिल्ली, 10 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली विधानसभा चुनाव के ऐलान के साथ ही बिहार के राजनीतिक दलों के बीच राष्ट्रीय राजधानी में दमखम दिखाने की होड़-सी लग गई है। जनता दल (यूनाइटेड) ने पहले ही दिल्ली के चुनावी मैदान में उतरने की घोषणा कर दी है। अब राष्ट्रीय जनता दल (राजद) भी अपना वजूद टटोलने के लिए दिल्ली में सक्रिय हो गया है। राजद ने 12 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने का निर्णय लिया है।

राजद प्रवक्ता और सांसद मनोज झा ने कहा, पार्टी नेतृत्व की तरफ से इस बात की हरी झंडी मिल गई है कि दिल्ली का विधानसभा चुनाव लड़ा जाए। फिलहाल पार्टी ने 12 सीटों पर लड़ने का मन बनाया है।

झारखंड में बेहतर तालमेल के जरिए भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के बाद उत्साहित राजद को दिल्ली में भी गठबंधन की उम्मीद है। राजद यहां कांग्रेस के साथ गठबंधन करना चाहती है, लेकिन कांग्रेस की ओर से अभी साफ नहीं किया गया है कि वह राजद को कितनी सीटें देगी। हालांकि राजद को उम्मीद है कि उसे कम से कम 10 से 12 सीटें मिल जाएंगी।

झा के मुताबिक दोनों दलों के बीच 11 जनवरी को बैठक होगी और इसके बाद ही राजद अपने पत्ते खोलेगी।

ज्ञात हो कि झारखंड चुनाव में राजद को गठबंधन में सात सीटें मिली थीं, जिनमें उसे एक पर जीत मिली। राजद ने 2015 में दिल्ली विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ा था।

Tags:    

Similar News