संघ प्रमुख मोहन भागवत ने हनुमान मंदिर में चढ़ाया 51 मन लड्डू

उत्तर प्रदेश संघ प्रमुख मोहन भागवत ने हनुमान मंदिर में चढ़ाया 51 मन लड्डू

IANS News
Update: 2022-10-12 17:30 GMT
संघ प्रमुख मोहन भागवत ने हनुमान मंदिर में चढ़ाया 51 मन लड्डू
हाईलाइट
  • पांच पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अनुष्ठान संपन्न कराया

डिजिटल डेस्क, मिर्जापुर। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख ने बुधवार को विंध्याचल पहुंचे। उन्होंने विधि-विधान से मां विंध्यवासिनी का दर्शन पूजन किया। इससे पहले देवरहा हंस बाबा आश्रम में पूजन एवं हवन कार्यक्रम में शामिल हुए। आश्रम स्थित हनुमान मंदिर में शुद्ध घी का मगदल (बेसन का लड्डू) का भोग लगाया गया।

काशी के पुरोहित श्रीकांत एवं विंध्याचल के पुरोहित राजन मिश्र के साथ अन्य पांच पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अनुष्ठान संपन्न कराया। इस दौरान भागवत ने देसी घी से बने 51 मन लड्डुओं का भोग लगाकर देश के कल्याण की कामना की। हनुमान मंदिर में पूजा करने के बाद मोहन भागवत भक्त प्रासाद चले गए। वहां कुछ समय के विश्राम के बाद पुन: देवरहा हंस बाबा से मिलने उनकी कुटिया में पहुंचे। उन्होंने हंस बाबा के चरण अपने सिर पर लेकर आशीर्वाद लिया।

नगर विधायक को छोड़कर इस कार्यक्रम से भाजपा नेता भी दूर ही रहे। मोहन भागवत के आगमन को लेकर पूरा परिसर छावनी में तब्दील रहा। जिस मंदिर में पूजा पाठ हो रहा था, वहां पर आम श्रद्धालुओं का प्रवेश निषेध था। सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई थी। मोहन भागवत महुआरी कला गांव स्थित देवरहा हंस आश्रम में अपने निजी कार्यक्रम के बाद बुधवार शाम मां विंध्यवासिनी के दरबार में पहुंचे।

इसके बाद आश्रम के भोजन कक्ष में पहुंचे। आश्रम के प्रबंधक राकेश सक्सेना ने बताया कि लड्डू का प्रसाद आश्रम की तरफ से तैयार कराया गया था। भागवत ने देश के कल्याण एवं देश के विरोधियों को परास्त करने के लिए हनुमान से कामना की। इस दौरान संघ प्रमुख ने मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्रा से मिलकर कुछ बातचीत की एवं विंध्य कॉरिडोर पर निगाह भी डाली। आरएसएस के क्षेत्र प्रचारक अनिल, प्रांत प्रचारक रमेश, जिलाधिकारी दिव्या मित्तल, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक श्रीकांत प्रजापति, नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह मौजूद रहे।

फिर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत प्रयागराज के प्रवास पर बुधवार को पहुंच गए। यमुनापार के गौहनिया स्थित जयपुरिया स्कूल परिसर में उनकी गाड़ियों का काफिला पहुंचा। संघ प्रमुख 16 से 19 अक्टूबर तक होने वाली अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक में शामिल होंगे। इसमें देशभर के 45 प्रांतों के 378 पदाधिकारी जुट रहे हैं।

संघ की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, 20 अक्टूबर को सभी प्रांत प्रचारक, क्षेत्र प्रचारक और अखिल भारतीय अधिकारियों के साथ बैठक होगी। 21 को सभी क्षेत्र प्रचारकों के साथ विभिन्न मुद्दों पर विमर्श करेंगे और 22 अक्टूबर की सुबह अखिल भारतीय अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद प्रयागराज से विदा होंगे। 22 अक्टूबर तक उनका इसी स्कूल परिसर में प्रवास का कार्यक्रम है।

 

(आईएएनएस)

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ bhaskarhindi.com की टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.

Tags:    

Similar News