सबरीमाला: 10 महिलाएं कर चुकीं हैं दर्शन, इनमें 3 मलेशिया की

सबरीमाला: 10 महिलाएं कर चुकीं हैं दर्शन, इनमें 3 मलेशिया की

Bhaskar Hindi
Update: 2019-01-06 09:49 GMT
सबरीमाला: 10 महिलाएं कर चुकीं हैं दर्शन, इनमें 3 मलेशिया की
हाईलाइट
  • 14 सेकंड के वीडियो में मंदिर से लौटती दिख रही महिलाएं
  • 4.200 महिलाओं ने दर्शन के लिए कराया ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
  • पुलिस ने जानकारी जुटाई
  • कोर्ट के पूछने पर करेंगे पेश

डिजिटल डेस्क, तिरुवनंतपुरम। एक तरफ केरल के सबरीमाला मंदिर में महिलाओं के प्रवेश पर विवाद गहराता जा रहा है तो दूसरी तरफ पुलिस का दावा है कि अब तक 10 महिलाएं भगवान अयप्पा के दर्शन कर चुकी हैं। इन महिलाओं में 3 तमिल मूल की मलेशियाई महिलाएं भी शामिल हैं, जिन्हें सबरीमाला में 1 जनवरी को देखा गया था।


पुलिस के मुताबिक मलेशिया की तीनों महिलाओं ने कनकदुर्गा और बिंदु से भी पहले भगवान अयप्पा के दर्शन कर लिए थे। केरल पुलिस के पास इसके वीडियो फुटेज भी मौजूद हैं, हालांकि बिंदु और कनकदुर्गा दावा कर रही हैं कि 50 वर्ष से कम आयु में भगवान अयप्पा के दर्शन करने वाली वो दोंनों पहली महिलाएं हैं। जानकारी के मुताबिक दर्शन के लिए अब तक 4,200 महिलाएं ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा चुकी हैं।


पुलिस का दावा है कि बिंदु और कनकदुर्गा के अलावा कि 1 से 5 जनवरी के बीच 50 वर्ष से कम उम्र की 4 महिलाओं ने प्रवेश किया है। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने इन महिलाओं की जानकारी जुटाने में भी सफलता हासिल कर ली है। कोर्ट के  पूछने पर पुलिस इनकी जानकारी मुहैया कराएगी। महिलाओं के मंदिर में जाने की बात तो पुलिस स्वीकार कर रही है, लेकिन दर्शन की पुष्टि करने को वो तैयार नहीं हैं। 


पुलिस सूत्रों के मुताबिक मलेशियाई महिलाओं के जो विजुअल मिले हैं, वो पंबा के हैं, जिस समय वो मंदिर से वापस लौट रही थीं। ये वीडियो 14 सेकंड का है, जिसे मोबाइल से रिकॉर्ड किया गया है। मंदिर में दाखिल होते वक्त तीनों महिलाओं ने अपने चेहरे को शॉल से ढक रखा था। पुलिस का कहना है कि मलेशियाई महिलाओं का समूह 1 जनवरी की सुबह जल्दी मंदिर पहुंचा और सुबह 10 बजे तक वापस भी लौट आया था। कनकदुर्गा और बिंदु इसके अगले दिन यानी सुबह 2 बजे मंदिर पहुंची थीं। उनके साथ सादी वर्दी में भी कुछ पुलिस वाले भी मौजूद थे।

Similar News