हिंदूवादी नेताओं ने ताजमहल में किया 'शिव चालीसा का पाठ'

हिंदूवादी नेताओं ने ताजमहल में किया 'शिव चालीसा का पाठ'

Bhaskar Hindi
Update: 2017-10-23 16:38 GMT
हिंदूवादी नेताओं ने ताजमहल में किया 'शिव चालीसा का पाठ'

डिजिटल डेस्क, आगरा। ताजमहल को शिव मंदिर बताए जाने के बाद पैदा हुई गर्मी के बीच यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के ताज महल दौरे से पहले सोमवार को हिंदूवादी संगठन के अनेक कार्यकर्ता ताज महल में एकत्र हुए और उन्होंने शिव चालीसा का पाठ किया। वे पाठ कर रहे थे, तभी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने उन्हें हिरासत में ले लिया। CISF जवानों ने माफीनामा लिखवाने के बाद उन्हें छोड़ दिया। बता दें कि 26 अक्टूबर को सीएम योगी आदित्यनाथ आगरा दौरे पर आने वाले हैं। आगरा यात्रा के दौरान वह 30 मिनट तक आगरा में रहेंगे।

 

हिंदूवादी कार्यकर्ताओं पर CISF की कार्रवाई
अलीगढ़ तथा हाथरस से कई हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता सोमवार को बड़ी संख्या में ताज महल पहुंचे। ताज महल में वीडियो प्लेटफार्म पर उन्होंने शिव चालीसा का पाठ शुरू कर दिया। उन्हें शिव चालीसा का पाठ करते देख CISF जवानों ने उन्हें हिरासत में ले लिया। हिंदू युवावाहिनी के अलीगढ़ महानगर अध्यक्ष भारत गोस्वामी ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमें एक प्राचीन शिव मंदिर में प्रार्थना नहीं करने दी गई। उन्होंने कहा ऐसा तब किया गया जब राज्य में भारतीय संस्कृति को प्रोत्साहन देने वाली भाजपा सरकार है।

 

गोस्वामी ने कहा सोमवार को शिव की पूजा की जाती है। इसलिए हम ‘तेजोमहालय’ में शिव चालीस का पाठ कर रहे थे, लेकिन हमें CISF के जवानों ने हिरासत में ले लिया। अधीक्षण पुरातत्वविद (आगरा) विक्रम भुवन ने बताया कि हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता लोग मोबाइल में कुछ देखते हुए पाठ कर रहे थे। इस दौरान CISF जवानों ने उन्हें पाठ करते देख लिया। इसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। बाद में हिंदू संगठन के लोगों द्वारा गलती स्वीकारने के बाद CISF जवानों ने उन्हें छोड़ दिया। इन लोगों के पास कोई किताब नहीं पाई गई है। वे मोबाइल में रिकार्ड शिव चालिका के आधार पर पाठ करने का प्रयास कर रहे थे। 

 

शिव मंदिर था ताजमहल
उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पहले ही सरधना से भाजपा विधायक संगीत सोम ने दुनिया के 7 अजूबों में शामिल ताज महल पर विवादित बयान दिया था। संगीत सोम ने कहा था कि ताज महल भारतीय संस्कृति पर धब्बा है। सोम ने कहा था कि ताज महल बनाने वाले मुगल शासक ने यूपी और हिंदुस्तान से सभी हिंदुओं का सर्वनाश किया था। इसके बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता विनय कटियार ने कहा ताजमहल भगवान शिव का मंदिर "तेजो महल" है, जिसे शाहजहां ने मकबरे में तब्दील कर दिया।

 

कटियार ने कहा, "ताजमहल हिन्दू मंदिर है। जिसको तेजो महल कहा जाता था। हालांकि, विनय कटियार ने इस खूबसूरत ऐतिहासिक इमारत को तोड़े जाने की पैरवी नहीं की। शाहजहां ने इसमें अपनी पत्नी को दफनाने के बाद इसे एक मकबरे में बदल लिया था। दूसरी तरफ, योगी आदित्यनाथ ने इसे मेहनतकशों के पसीने से बनाई गई बेजोड़ इमारत बताते हुए इसके संरक्षण की बात कही थी। उल्लेखनीय है कि इतिहासकार पीएन ओक ने अपनी किताब ताज महल इज ए हिंदू टेंपल और ताज महल द ट्रू स्टोरी में सौ से अधिक प्रमाणों का हवाला देते हुए दावा किया है कि ताजमहल पहले शिव मंदिर था।

Similar News