इंडिगो एयरलाइंस के फ्लाइट से फिर हैरान करने वाली आई खबर, अब 67 वर्षीय स्वीडन नागरिक ने की एयर होस्टेस के साथ छेड़छाड़

फ्लाइट में छेड़छाड़ इंडिगो एयरलाइंस के फ्लाइट से फिर हैरान करने वाली आई खबर, अब 67 वर्षीय स्वीडन नागरिक ने की एयर होस्टेस के साथ छेड़छाड़

Bhaskar Hindi
Update: 2023-04-01 09:08 GMT
इंडिगो एयरलाइंस के फ्लाइट से फिर हैरान करने वाली आई खबर, अब 67 वर्षीय स्वीडन नागरिक ने की एयर होस्टेस के साथ छेड़छाड़
हाईलाइट
  • महिला क्रू मेंबर के साथ छेड़छाड़

डिजिटल डेस्क, मुबंई। इंडिगो एयरलाइंस से एक और हैरान कर देने वाली खबर आई है। बैंकाक से मुबंई जाने वाली फ्लाइट में एक यात्री ने महिला क्रू मेंबर के साथ छेड़छाड़ की है। इसके अलावा यात्री ने फ्लाइट के अंदर जमकर बवाल मचाया और यात्रा कर रहे यात्रियों के साथ बदतमीजी की। शिकायत के बाद फ्लाइट के मुंबई पहुंचते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

फ्लाइट के अंदर बवाल मचाने वाले यात्री का नाम एरिक हेराल्ड जोनास वेस्टबर्ग है, जो 67 साल का एक स्वीडन नागरिक है। जिसने बैंकाक से मुबंई के लिए उड़ान भरी थी। यह पूरी घटना इंडिगो एयरलाइंस के 6E-1052 प्लेन में हुई है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, स्वीडन नागरिक वेस्टबर्ग ने छेड़छाड़ खाना सर्व करते समय की। वेस्टबर्ग के द्वारा जब खाने के लिए ऑर्डर मांगा गया, तब एक क्रू मेंबर वहां आया और उसे बताने लगा कि खाने में क्या है। वेस्टबर्ग ने सबसे पहले वेजिटेरियन खाने की मांग की। लेकिन फ्लाइट अटेंडेंट ने कहा कि फिलहाल बोर्ड पर कुछ भी वेजिटेरियन उपलब्ध नहीं है। तब उसने चिकन डिश की ऑर्डर दी और जब एयर होस्टेस खाने के पेमेंट लेने के लिए पीओएस मशीन लेकर शख्स के पास गई। तब उसने कार्ड को स्वाइप करते समय एयर होस्टेस का हाथ गलत तरीके से छूआ और विरोध करने पर जमकर हल्ला मचाया। 

पुलिस ने कोर्ट में किया पेश

इस पूरे मामले को लेकर एयर होस्टेस ने बताया कि गलत तरीके से छूकर भी उसने सह-यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार किया। और  अन्य क्रू मेंबर्स के साथ बेअदबी से पेश आया। शिकायत मिलने और फ्लाइट के मुंबई पहुंचने पर पुलिस ने उत्पाद मचाने वाले स्वीडन शख्स को एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद से उसे मुबंई के अंधेरी मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट के सामने पेश किया गया। लेकिन स्वीडन नागरिक वेस्टबर्ग को कोर्ट से जमानत मिल गई। 

पहले भी आ चुके हैं कई मामले

हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब फ्लाइट के अंदर बदतमीजी का मामला सामने आया हो। कुछ दिनों पहले ही दुबई से मुबंई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट में दो यात्रियों ने शराब पीकर जमकर उत्पात मचाया था। दोनों यात्रियों से जब सह-यात्रियों ने शराब पीने से रोका तो उनके साथ भी गाली गलौज की थी। जिसके बाद उन्हें मुबंई फ्लाइट से उतरते ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। इससे पहले एयर इंडिया फ्लाइट में एक यात्री ने बुजुर्ग महिला पर नशे की हालत में पेशाब कर दिया था, जो न्यूयॉर्क से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी।


 

Tags:    

Similar News