स्वामी विवेकानंद की मूर्ति के साथ JNU में तोड़फोड़, भाजपा के लिए लिखा आपत्तिजनक संदेश

स्वामी विवेकानंद की मूर्ति के साथ JNU में तोड़फोड़, भाजपा के लिए लिखा आपत्तिजनक संदेश

Bhaskar Hindi
Update: 2019-11-14 11:00 GMT
स्वामी विवेकानंद की मूर्ति के साथ JNU में तोड़फोड़, भाजपा के लिए लिखा आपत्तिजनक संदेश

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के अंदर स्वामी विवेकानंद की एक मूर्ति के साथ तोड़-फोड़ की गई है। इस मूर्ति पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अन्य हिंदुत्व प्रतीकों को निशाना बनाते हुए आपत्तिजनक संदेश लिखे गए हैं। यह अभी स्पष्ट नहीं है कि मूर्ति में तोड़फोड़ किसने की है। बता दें कि ये मूर्ति पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा के सामने प्रशासनिक खंड के दाईं ओर स्थित है।

कॉलेज के छात्रों के जेएनयू प्रशासन के ब्लॉक में प्रवेश करने और कुलपति को निशाना बनाने के ठीक एक दिन बाद यह घटना सामने आई है। छात्रों ने पहले उनसे मिलने और छात्रावास शुल्क वृद्धि पर चर्चा करने की मांग की थी। जब वे उनसे या किसी अन्य अधिकारी से नहीं मिल सके, तो प्रदर्शनकारी छात्रों ने कुलपति के कार्यालय के पास दीवारों पर संदेश लिख दिए। छात्रों ने कहा कि वे हॉस्टल की फीस में भारी बढ़ोतरी कर रहे हैं।

बता दें कि JNU प्रशासन ने नए हॉस्टल ड्राफ्ट मैनुअल में कई पाबंदियां और तमाम मदों में फीस बढ़ोत्तरियां की थी। इस मुद्दे पर कई दिनों से छात्र जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं। नए हॉस्टल ड्राफ्ट मैनुअल के अनुसार पहले जहां सिंगल सीटर हॉस्टल का रूम रेंट 20 रुपये था वो प्रशासन ने बढ़ाकर 600 रुपये कर दिया था। वहीं डबल सीटर का रेंट दस रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये किया गया था। इसके अलावा आईएचए कमेटी ने सर्विस चार्जेज के तौर 1700 रुपये महीने फीस जोड़ दी थी। प्रशासन ने वन टाइम मेस सिक्योरिटी को 5500 रुपये में 200 पर्सेंट से ज्यादा की बढ़ोतरी कर इसे 12000 रुपये कर दिया था।

हालांकि छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बाद फीस बढोतरी का फैसला आंशिक रूप से वापस ले लिया। मानव संसाधन विकास मंत्रालय के शिक्षा सचिव आर सुब्रह्मण्यम ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।  संशोधित निर्णय के अनुसार, सिंगल सीटर हॉस्टल का रूम रेंट 200 रुपये होगा, जबकि डबल के लिए यह 100 रुपये होगा। कॉशन डिपोजिट फी 5,500 रुपए होगी। सर्विस चार्ज में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसे 1,700 रुपये ही रख गया है। फीस में आंशिक कटौती के बाद भी छात्रों का प्रदर्शन जारी है।

 

 

Tags:    

Similar News