LOC पर पाकिस्तान की घुसपैठ नाकाम, गोलीबारी में दो जवान शहीद

LOC पर पाकिस्तान की घुसपैठ नाकाम, गोलीबारी में दो जवान शहीद

Bhaskar Hindi
Update: 2019-12-16 18:52 GMT
LOC पर पाकिस्तान की घुसपैठ नाकाम, गोलीबारी में दो जवान शहीद

डिजिटल डेस्क, श्रीनगर। जम्मू और कश्मीर में पाकिस्तान की गोलीबारी में दो भारतीय जवान शहीद हो गए। पाकिस्तान ने पलांवाला-सुंदरबनी सेक्टर के केरी बट्टल इलाके में आतंकियों के एक ग्रुप को घुसपैठ कराने के लिए अग्रिम चौकियों को निशाना बनाकर भारी गोलाबारी की। पाकिस्तानी सेना ने गुरेज सेक्टर में भी भारी गोलीबारी की। भारतीय सेना ने घुसपैठ को नाकाम करते हुए पाकिस्तानी गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया। 

रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने कहा कि भारतीय सेना के जवानों ने सुंदरबनी इलाके में नियंत्रण रेखा के पास एक संदिग्ध गतिविधि देखी। जवानों ने उन्हें चुनौती दी तो एक बड़े धमाके के साथ संदिग्धों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके तुरंत बाद आतंकियों को सीमा पार कराने में मदद करने के लिए पाकिस्तानी सेना की ओर से अग्रिम चौकियों को निशाना बनाकर भारी गोलाबारी की गई। भारतीय सेना ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया और पाकिस्तानी चौकियों को तबाह कर दिया। इस गोलीबारी में एक भारतीय जवान शहीद हो गया।

उधर, गुरेज सेक्टर के बखतूर इलाके में पाकिस्तान ने रविवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सीजफायर का उल्लंघन किया, जो रात भर जारी रहा। सोमवार सुबह गोलाबारी रुक गई लेकिन शाम चार बजे दोबारा शुरू हो गई। भारतीय सेना ने भी पाकिस्तान की इस गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया। इस दौरान सेना का एक जवान शहीद हो गया, जिसकी पहचान ज्योतिबा गणपति चाउगुले (36) के रूप में की गयी है। वह महाराष्ट्र के कोल्हापुर के गांधींगलाज तहसील के महागांव गांव का निवासी है। शहीद जवान मराठा बटालियन में सेवारत था।

 

 

पाकिस्तान ने सोमवार को तीन बार सीजफायर का उल्लंघन किया। सबसे पहले पुंछ जिले के कृष्णाघाटी सेक्टर में सुबह 9.45 बजे के आसपास नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी की गई। दूसरा उल्लंघन बांदीपोरा के गुरेज़ सेक्टर में हुआ। जबकि तीसरा राजौरी के नौशेरा सेक्टर के कलाल इलाके में रात 8.30 बजे के आसपास किया गया। यहां पर भारी गोलीबारी अभी भी जारी है। भारतीय सेना प्रभावी रूप से इसका जवाब दे रही है।

Tags:    

Similar News