मुजफ्फरनगर: गौ हत्या केस में 2 नाबालिग मुस्लिम लड़कियों को भेजा जेल

मुजफ्फरनगर: गौ हत्या केस में 2 नाबालिग मुस्लिम लड़कियों को भेजा जेल

Bhaskar Hindi
Update: 2017-12-31 04:38 GMT
मुजफ्फरनगर: गौ हत्या केस में 2 नाबालिग मुस्लिम लड़कियों को भेजा जेल

डिजिटल डेस्क, मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पुलिस ने गौ हत्या से जुड़े एक मामले में दो नाबालिग लड़कियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इन लड़कियों की उम्र 12 और 16 साल है। पुलिस ने इस मामले में लड़की की मां और 6 दूसरे लोगों को भी गिरफ्तार किया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने इन दोनों लड़कियों को अदालत में बालिग दिखाया और जेल भेज दिया, जबकि इन्हें जुवेनाइल होम भेजा जाना चाहिए था। 

 

 

5 महिलाओं समेत 9 गिरफ्तार


जानकारी के अनुसार, जब इन लड़कियों का आधार कार्ड देखा गया तो इनमें से एक का जन्म 2001 और दूसरी का जन्म 2005 में हुआ था। बता दें कि 29 दिसंबर को गोकशी के सिलसिले में खतौली पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में दो मकानों में छापामार कार्रवाई की थी। जिसमें पांच महिलाओं सहित नौ लोगों को गोकशी के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस को इस छापेमारी में कथित तौर पर तीन क्विटल गोमांस जब्त हुआ था। 

 

 

पुलिस क्षेत्राधिकारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर खतोली नगर में छापा मारा था। सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश गोवध रोकथाम अधिनियम, 1955 के तहत एक मामला दर्ज कर सभी नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि चार आरोपी मौके से भागने में सफल रहे। कानून के मुताबिक नाबालिगों को ना तो हथकड़ी लगाई जा सकती है और ना ही उन्हें जेल भेजा जा सकता है, बल्कि उन्हें जुवेनाइल होम भेजा जाता है। 

 

सर्किल ऑफिसर ने दिए जांच के आदेश

लड़कियों का पिता नसीमुद्दीन फरार है। इस मामले में एसएसपी अजय शाहदेव ने खतोली सर्किल ऑफिसर को जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस की कार्रवाई के बाद कई लोगों ने प्रदर्शन भी किया। इस संबंध में AIMIM नेता शादाब अहमद ने कई लोगों के साथ मुजफ्फरनगर में पुलिस मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और पूछा कि आखिर पुलिस ने लड़कियों को क्यों गिरफ्तार किया। पुलिस उन्हें किस कानून के तहत गिरफ्तार कर सकती है।

Similar News