RLSP की बड़ी बैठक आज, 2019 में NDA के साथ को लेकर हो सकता है बड़ा फैसला

 RLSP की बड़ी बैठक आज, 2019 में NDA के साथ को लेकर हो सकता है बड़ा फैसला

Bhaskar Hindi
Update: 2018-11-17 03:17 GMT
 RLSP की बड़ी बैठक आज, 2019 में NDA के साथ को लेकर हो सकता है बड़ा फैसला
हाईलाइट
  • RLSP की बड़ी बैठक आज पटना में
  • 2019 में NDA के साथ को लेकर हो सकता है फैसला
  • भाजपा अध्यक्ष शाह से नहींं हो पाई कुशवाह की मुलाकात

डिजिटल डेस्क, पटना। राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (आरएलएसपी) राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के साथ 2018 के आम चुनावों में रहेगी या नहीं इस पर शनिवार को उपेंद्र कुशवाहा बड़ा निर्णय ले सकते हैं। आरएलएसपी सुप्रिमो कुशवाहा ने शुक्रवार को कहा कि बिहार में एनडीए के साथ के दलों के बीच सीट बंटवारे की पॉलिसी पर बनी विरोध की स्थिति और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा उनका अपमान किए जाने पर शनिवार को पटना में होने वाली पार्टी बैठक में चर्चा होगी।

शाह ने नहीं दिया मिलने का वक्त
हाल ही में केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मिलने के लिए समय मांगा था लेकिन भाजपा की ओर से उन्हे कोई भी जवाब नहीं आया। रालोसपा (आरएलएसपी) नेता शनिवार को पटना में पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने के लिए पहुंचेंगे।

भाजपा ने किया नीतीश का बचाव
दिल्ली में मीडिया से चर्चा के दौरान कुशवाहा ने कहा कि उनकी पार्टी का 2014 की तुलना में विस्तार हुआ है। इसी के अनुसार वो 2019 के लोकसभा चुनावों में सीटें चाहते हैं। 2014 के चुनावों में पार्टी तीन सीटों पर चुनाव लड़ी थी। भाजपा पहले ही इस बात का संकेत दे चुकी है कि वह कुशवाहा को दो से ज्यादा सीटें नहीं दे सकती। कुशवाहा ने अपने आप पर लगे आरोप को भी दोहराया कि नीतीश कुमार ने उन्हें ‘नीच’ कहा था। वहीं भाजपा द्वारा नीतीश कुमार का बचाव किये जाने के बाद कुशवाहा और नाराज हो गए हैं।

जेडीयू की दो टूक
शुक्रवार को जेडीयू ने साफ कर दिया था कि जिसे गठबंधन छोड़कर जाना है वह जा सकता है। बिहार जेडीयू के अध्यक्ष वशिष्ट नारायण सिंह ने कहा कि एनडीए मजबूत है और काफी अच्छी स्थिति में है, किसी के आने जाने से कोई फर्क नहीं पड़ता है। उपेंद्र कुशवाहा पर हम कोई टिप्पणी नहीं करते, हमारे प्रवक्ता भी संयम बरत रहे हैं, सीएम नीतीश कुमार ने कोई ऐसा बयान नहीं दिया। जब कोई खुद दूसरी धारा में जाना चाहता है तो उसे हम नहीं रोक सकते। कोई व्यक्ति किसी जाति का ठेकेदार नहीं हो सकता है।

 

 

Similar News