Vaccination: सेवानिवृत्त सैनिकों, आश्रितों को अगले सप्ताह से मिलेगी कोरोना वैक्सीन

Vaccination: सेवानिवृत्त सैनिकों, आश्रितों को अगले सप्ताह से मिलेगी कोरोना वैक्सीन

Bhaskar Hindi
Update: 2021-03-06 20:35 GMT
Vaccination: सेवानिवृत्त सैनिकों, आश्रितों को अगले सप्ताह से मिलेगी कोरोना वैक्सीन

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सेना के अस्पतालों में सुरक्षा बलों के आश्रितों और सेवानिवृत्त सैनिकों को अगले सप्ताह से कोविड-19 वैक्सीन दिए जाने को मंजूरी मिल गई है। यह जानकारी शनिवार को भारतीय सेना ने दी। 

सेना ने एक बयान में कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सेना के अस्पतालों में सुरक्षा बलों के आश्रितों और सेवानिवृत्त सैनिकों को कोविड-19 का टीका लगाए जाने को मंजूरी दे दी है। को-विन प्लेटफॉर्म पर सशस्त्र बलों के अस्पतालों का पंजीकरण पूरा होने के बाद अगले हफ्ते से यह प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। भारतीय सेना ने कहा, इसके लिए दिशानिर्देश कुछ दिनों में जारी किए जाएंगे।

पहली बार एक दिन में कोरोना वैक्सीन के 15 लाख डोज लगे
भारत में पिछले 5 दिन में वैक्सीनेशन करवाने वालों की संख्या तेजी से बढ़ी है। सभी पुराने रिकॉर्ड्स को तोड़ते हुए 5 मार्च को 14.94 लाख डोज दिए गए। इससे पहले 1 मार्च को 5.52 लाख डोज दिए गए थे, जो 4 मार्च को बढ़कर 13.88 लाख डोज हो गए थे। स्वास्थ्य मंत्रालय के शनिवार सुबह 7 बजे तक के डेटा के मुताबिक, भारत में अब तक 1.94 करोड़ डोज दिए गए हैं। इसमें 1.59 करोड़ लोग पहला और 35.01 लाख लोग दूसरा डोज लगवा चुके हैं।

देश में 16 जनवरी को हेल्थकेयर वर्कर्स को टीका लगाने के साथ कोरोना टीकाकरण की शुरुआत हुई थी। 2 फरवरी से फ्रंटलाइन वर्कर्स को भी वैक्सीन लगने लगी थी। 13 फरवरी से हेल्थकेयर वर्कर्स को दूसरा डोज दिया जा रहा है। फ्रंटलाइन वर्कर्स को दूसरा डोज देने की शुरुआत 2 मार्च को हुई। 1 मार्च से सरकार ने सीनियर सिटीजन और 45-59 साल के गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को वैक्सीनेशन में शामिल किया। साथ ही प्राइवेट अस्पतालों को भी टीके लगाने के लिए अधिकृत किया। इसके बाद से आंकड़ों में तेजी आ रही है।

सशस्त्र बलों ने कोरोनावायरस महामारी के कारण लोगों की पीड़ा को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सेना ने कोविड-प्रभावित देशों, जैसे कि चीन, ईरान, इटली और मलेशिया आदि देशों में फंसे भारतीयों को निकालने में अहम भूमिका निभाई है। इसके अलावा सुरक्षा बलों ने देशभर के लोगों को राहत सामग्री प्रदान करने में भी अहम योगदान दिया है। सशस्त्र बल के जवान देश भर चलाए गए मिशनों में सबसे आगे रहे हैं। सशस्त्र बलों के अस्पतालों और चिकित्सा सुविधाओं को कोविड-19 रोगियों के इलाज के लिए समर्पित किया गया है, जबकि कुछ जगहों को क्वारंटीन सेंटर्स में बदल दिया गया है।

खबर में खास

  • टीकाकरण के 49वें दिन कुल 14.94 लाख डोज दिए गए। इनमें 11.99 लाख पहले डोज थे, जबकि 2.92 लाख दूसरे डोज के तौर पर दिए गए।
  • इन्हें मिलाकर अब तक 1.59 करोड़ पहले डोज और 35 लाख दूसरे डोज दिए जा चुके हैं। कुल हुए 1.94 करोड़ डोज।
  • पहली बार 24 घंटे में 5 लाख से ज्यादा सीनियर सिटीजन को टीका लगाया गया। इसके अलावा करीब 80 हजार ऐस लोग शामिल हैं, जो गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं।
  • शुक्रवार को हेल्थकेयर वर्कर्स को 43,446 पहले डोज और 1.53 लाख दूसरे डोज दिए गए। इसी तरह, 2.03 लाख फ्रंटलाइन वर्कर्स को पहला और 55,894 को दूसरा डोज दिया गया।
Tags:    

Similar News