#VicePresidentialElection: कौन बनेगा उपराष्ट्रपति, बापू के पोते की वेंकैया से टक्कर
#VicePresidentialElection: कौन बनेगा उपराष्ट्रपति, बापू के पोते की वेंकैया से टक्कर
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश को आज 10 साल बाद नया वाइस प्रेसीडेंट मिल जाएगा। आज संसद में वाइस प्रेसीडेंट के लिए वोटिंग की जाएगी। वाइस प्रेसीडेंट के लिए NDA की तरफ से वेंकैया नायडू और UPA या विपक्ष की ओर से गोपालकृष्ण गांधी मैदान में है। लेकिन माना जा रहा है कि वेंकैया नायडू की जीत लगभग तय है, क्योंकि NDA के पास बहुमत के लिए पर्याप्त वोट हैं। उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी का कार्यकाल 10 अगस्त को खत्म हो रहा है। एक तरह से यह गांधी के पोते और बीजेपी के वरिष्ठ नेता वेंकैया के बीच सीधी टक्कर है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि शाम 7 बजे तक फैसला आते ही जीत का ताज किसके सर होगा, क्योंकि वेंकैया की जीत के बाद पहली बार बीजेपी उपराष्ट्रपति और राष्ट्रपति जैसे देश के दोनों शीर्ष पदों पर अपनी विचारधारा के व्यक्ति आसीन करने में कामयाब होगी।
होनी है वोटिंग
वाइस प्रेसीडेंट इलेक्शन के लिए आज संसद में वोटिंग होनी है। लोकसभा और राज्यसभा के सांसद सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक वोटिंग कर सकते हैं। इसके बाद शनिवार को ही शाम 7 बजे नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। आपको बता दें कि वेंकैया नायडू NDA में केंद्रीय मंत्री और गोपालकृष्ण गांधी बंगाल के गवर्नर रह चुके हैं।
कैसे चुना जाएगा अगला वाइस प्रेसीडेंट
वाइस प्रेसीडेंट इलेक्शन भी प्रेसीडेंट इलेक्शन की तरह ही होता है। बस इसमें विधायकों की वोटिंग नहीं की जाती है। उपराष्ट्रपति चुनाव में संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा के मेंबर वोटिंग करते हैं। वोटिंग के लिए सांसदों को एक स्पेशल पेन दिया जाता है, जिससे वोटिंग कर सकते हैं। अगर इस पेन की जगह दूसरे पेन का यूज़ किया जाता है, तो उस वोट को रिजेक्ट कर दिया जाता है। इसके अलावा वाइस प्रेसीडेंट इलेक्शन में कैंडिडेट का नाम लिखा होता है। उसके आगे किसी पार्टी के इलेक्शन सिंबल का यूज़ नहीं किया जाता। शनिवार सुबह 10 बजे से इसके लिए वोटिंग शुरू हो जाएगी, जो शाम के 5 बजे तक चलेगी। इसके बाद इसी दिन रिजल्ट भी आ जाएगा।
इसलिए जीतेंगे वेंकैया नायडू
संसद के दोनों सदनों को मिलाकर टोटल 790 सीट है। 545 लोकसभा और 245 राज्यसभा। सदन में 2 सीटें खाली हैं, जबकि BJP सांसद छेदी पासवान के वोट करने पर बैन है। जिसके बाद टोटल 787 सीट बचती है। लोकसभा में NDA के पास 338 और राज्यसभा में 80 सांसद है। इसके बाद अन्नाद्रमुक, टीआरएस और वाइएसआर भी NDA के सपोर्ट में है। इस तरह से NDA के पास 484 सांसद वेंकैया नायडू के सपोर्ट में है। वाइस प्रेसीडेंट बनने के लिए वेंकैया को 51% वोट चाहिए, जो उन्हें आसानी से मिल रहे हैं। इस कारण वेंकैया की जीत लगभग तय मानी जा रही है।
कौन हैं एनडीए के उम्मीदवार वेंकैया
वेंकैया नायडू के बारे में कहा जाता है कि वो छात्र जीवन में RSS से जुड़े थे। 1967 में उनकी मुलाकात अटल बिहारी वाजपेयी से हुई। इसके बाद एमरजेंसी के दौरान हुए जेपी आंदोलन में वेकैया ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके बाद नायडू ने एक्टिव पॉलिटिक्स में कदम रखा। मात्र 29 साल की उम्र में ही नायडू आंध्र प्रदेश के नैल्लोर जिले की उदयगिरी सीट से विधायक चुने गए। दो बार विधायक बनने के बाद नायडू ने स्टेट पॉलिटिक्स से सेंट्रल पॉलिटिक्स में कदम रखा। वाजपेयी सरकार में नायडू में ग्रामीण विकास मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई। नायडू मोदी सरकार में ग्रामीण विकास, सूचना प्रसारण और संसदीय कार्य मंत्री रह चुके हैं।
कौन हैं यूपीए के उम्मीदवार गोपालकृष्ण
UPA के कैंडिडेट गोपालकृष्ण गांधी महात्मा गांधी के पोते हैं और वो बंगाल के गवर्नर रह चुके हैं। इससे पहले गांधी भारत सरकार के कई प्रशासनिक पदों पर रहे हैं। गांधी 1968 से 1992 तक इंडियन एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस (IAS) में रह चुके हैं। वो 1985-1987 तक उपराष्ट्रपति के सचिव, 1987-92 तक राष्ट्रपति के संयुक्त सचिव और 1997 में राष्ट्रपति के सचिव के पद पर रह चुके हैं। इसके अलावा वो श्रीलंका, नॉर्वे और आइसलैंड में बतौर राजदूत रह चुके हैं। इसके साथ ही वो 2004-09 तक वेस्ट बंगाल के गवर्नर भी रह चुके हैं।