उत्तराखण्ड में फिर हो सकती है बर्फबारी , उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप

उत्तराखण्ड में फिर हो सकती है बर्फबारी , उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप

Manmohan Prajapati
Update: 2019-01-30 05:18 GMT
हाईलाइट
  • मप्र के मण्डला में 2.6 डिग्री तापमान
  • मैदानी इलाकों में शीतलहर का प्रकोप
  • राजस्थान के चुरू में -1.1 डिग्री तापमान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखण्ड में होने वाली बर्फबारी का असर दिन दिनों पूरे भारत में देखने को मिल रहा है। जहां राजधानी दिल्ली समेत उप्र, राजस्थान और मप्र में कड़ाके की ठंड से लोग परेशान नजर आने लगे हैं। इन राज्यों में ठंडी हवाओं के प्रकोप से तापमान लगातार गिरा है, जिसके चलते ना सिर्फ रात बल्कि दिन में निकलने वाली धूप में भी ठंडी ​का अहसास बना रहता है। मौसम विभाग की मानें तो उत्तराखंड में एक बार फिर से मौसम के बिगड़ने की आशंका है। प्रदेश में कई स्थानों पर बर्फबारी के साथ ही निचले स्थानों पर बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। 

 

बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार जनवरी का अंतिम पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत से टकराया है, इसका असर बुधवार और गुरुवार को महसूस किया जा सकता है। मौसम विभाग की मानें तो जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी हो सकती है। वहीं उत्तर भारत के जमीनी इलाकों में बारिश होने की संभावना है। इसकी वजह से उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में शीतलहर का प्रकोप बना रहेगा।

सर्द हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार ध्रुवीय चक्रवात से हवाओं में उतार-चढ़ाव के कारण दिसंबर 2018 से अब तक ठंड का असर उत्तर भारत में बढ़ता दिखा है। ऐसे में कहा जा सकता है कि उत्तर भारत में जबरदस्त बढ़ रही ठंड का कारण आर्कटिक से आने वाली सर्द हवाएं हो सकती हैं। 

मप्र में बढ़ी ठिठुरन
मध्य प्रदेश में भी जबरदस्त ठंड का असर देखने को मिल रहा है। यहां शीत लहर के चलते दिन के समय में भी ठंडी हवाएं​ ठिठुरा रही हैं। बुधवार को प्रदेश में सबसे कम तापमान खजुराहो में दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार यहां न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। इसके अलावा मण्डला में 2.6 डिग्री सेल्सियस, नौगांव में 2.7, खरगौन और पचमढ़ी और बैतूल में 3.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। वहीं दतिया में 3.1, उज्जैन में 3.2, ग्वालियर में 3.4 और राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

राजस्थान में जबरदस्त ठंड
राजस्थान के चुरू में भी जबरदस्त ठंड का मार यहां के लोगोंं को सहनी पड़ रही है। यहां का तापमान -1.1 डिग्री है। मौसम विभाग के अनुसार पोलर वोर्टेक्स के कारण यूरोप और अमेरिका में इसबार जबरदस्त सर्दी पड़ रही है। जम्मू-कश्मीर में सक्रिय हुए ताजा वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से मौसम में बदलाव के चलते वेस्ट राजस्थान में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इस वजह से हवा ने अपनी दिशा बदल ली है।  

Similar News