मौसम: उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप जारी, देरी से चल रही हैं 24 ट्रेनें

मौसम: उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप जारी, देरी से चल रही हैं 24 ट्रेनें

Bhaskar Hindi
Update: 2020-01-06 02:19 GMT
मौसम: उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप जारी, देरी से चल रही हैं 24 ट्रेनें
हाईलाइट
  • मौसम विभाग ने दी कम दृश्यता की चेतावनी
  • यूपी और मप्र के कुछ हिस्सों में अगले दो दिन भारी कोहरे की चेतावनी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में शीतलहर जारी है। भारतीय मौसम विभाग ने रविवार को यूपी और मध्यप्रदेश के कुछ इलाकों में अगले दो दिन भारी कोहरे की चेतावनी दी है। वहीं हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी होने की संभावना जताई है। हिमाचल में भारी बारिश और बर्फबारी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार उत्तरप्रदेश और मप्र के कुछ हिस्सों में घने कोहरे के कारण लोगों को काफी परेशानी होगी। जबकि असम, मेघालय, नागालैंड, पूर्वी राजस्थान, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में हल्के कोहरे का असर रहेगा। 

दिल्ली की हवा गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में रही
रविवार को दिल्ली में हवा की गुणवत्ता 336 एक्यूआई के साथ बहुत खराब श्रेणी में रही। दिल्ली में अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 7 डिग्री दर्ज किया गया। हिमाचल के शिमला, मनाली, कुफरी, डलहौजी, और कलपा आदि इलाकों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। वहीं श्रीनगर में शनिवार रात का तापमान माइनस 1 डिग्री दर्ज किया गया। 

पंजाब-हरियाणा में खिली धूप, ठंड का असर बरकरार
पंजाब, हरियाणा में बीते कुछ दिनों से लगातार धूप खिलने के बावजूद व रविवार को ठंड का असर बरकरार है। हरियाणा के करनाल व पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान क्रमश 1.8 डिग्री और चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के औद्योगिक शहर लुधियाना में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस, बठिंडा और आदमपुर में 3.3 डिग्री और पठानकोट में 5.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। वहीं हरियाणा के रोहतक में न्यूनतम तापमान छह डिग्री, अंबाला में 7.2 डिग्री और नारनौल में 4.9 डिग्री दर्ज किया गया। दोनों राज्यों के कई क्षेत्रों में घना कोहरा बरकरार रहने के बावजूद अधिकतम तापमान 19-22 डिग्री के बीच है। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान 20 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 24 ट्रेनें लेट
कोहरे और कड़ाके की ठंड की वजह से दिल्ली आने वाली ट्रेनों का देरी से चलने का सिलसिला जारी है। आज रविवार को भी दिल्ली आने वाली 26 ट्रेनें दो से पांच घंटे तक लेट चल रही हैं। नई दिल्ली-फरक्का एक्सप्रेस 3.30 घण्टे, कटिहार-आनन्द विहार एक्सप्रेस 4.30 घण्टे, इलाहाबाद हमसफर एक्सप्रेस दो घण्टे, फरक्का एक्सप्रेस 3.30 घंटे, मुम्बई-अमृतसर-दादर एक्सप्रेस पांच घण्टे, हैदराबाद-निजामुद्दीन एक्सप्रेस पांच घण्टे, हैदराबाद-नई दिल्ली-तेलगांना एक्सप्रेस चार घण्टे ,मुम्बई-दिल्ली-दादर एक्सप्रेस पांच घण्टे देरी से दिल्ली आ रही हैं। पुरी-नई दिल्ली पुरूषोत्तम एक्सप्रेस भी 4.45 घण्टे देरी से दिल्ली पहुंच रही है।

Tags:    

Similar News