राहुल के 'शार्ट्स' वाले बयान पर आनंदी बेन बोलीं- क्या महिलाओं की ड्रेस ही देखते रहते हैं राहुल?

राहुल के 'शार्ट्स' वाले बयान पर आनंदी बेन बोलीं- क्या महिलाओं की ड्रेस ही देखते रहते हैं राहुल?

Bhaskar Hindi
Update: 2017-10-10 18:02 GMT
राहुल के 'शार्ट्स' वाले बयान पर आनंदी बेन बोलीं- क्या महिलाओं की ड्रेस ही देखते रहते हैं राहुल?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी  के आरएसएस की महिलाओं पर की गई टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री आनंद बेन पटेल ने कहा है कि यह बयान उनके सहज संस्कारों को प्रकट करने वाला है। गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री ने सवाल किया क्या राहुल का ध्यान सिर्फ महिलाओं की ड्रेस पर रहता है। क्या वह कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं को भी ड्रेस में देखते हैं? गौरतलब है कि राहुल गांधी ने गुजरात में एक जनसभा के दौरान मंगलवार को जनता से पूछा था कि क्या कभी आपने शाखा में महिलाओं को शॉर्ट्स में देखा है?

राहुल गांधी ने किया महिलाओं का अपमान
आनंदी बेन ने कहा कि राहुल ने पूरे देश की महिलाओं का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि इसका जवाब महिलाएं गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को देंगी। आनंदी बेन पटेल ने कहा है कि कांग्रेस को तत्काल राहुल के बयान की आलोचना करना चाहिए और महिलाओं से बिना शर्त माफी मागनी चाहिए। राहुल के बयान पर बिफरी आनंदी बेन ने कहा, "राहुल को मालूम नहीं आरएसएस में महिलाओं के लिए अलग शाखा लगती है और इसमें लाखों महिलाएं भाग लेती हैं।" उन्होंने कहा कि राहुल के बयान के बारे में उन की मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी से भी पूछना चाहिए कि क्या उनके बेटे और भाई ने जो महिलाओं के लिए कहा है वह सही है। 

राहुल ने पूछा था संघ में हैं कितनी महिलाएं
गुजरात की एक सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने आरएसएस की महिलाओं के बारे में  आरोप लगाया था कि बीजेपी और आरएसएस से जुड़े संगठन महिलाओं के साथ भेदभाव करते हैं। गुजरात के अकोटा में आयोजित एक कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कहा था कि भाजपा का मेन संगठन आरएसएस है। कितनी महिलाएं हैं आरएसएस में? कभी शाखा में महिलाओं को देखा है शॉर्ट्स में? मैंने तो नहीं देखा।’ कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि बीजेपी महिलाओं के चुप रहने की पक्षधर है। राहुल ने कहा बीजेपी की सोच है कि जब तक महिला चुप रहे, कुछ बोले नहीं, तब तक महिला ठीक है। जैसे ही महिला ने मुंह खोला, सब उसे चुप कराने में लग जाते हैं। 
 

Similar News