पूर्व रेसलर एशले मासारो की अचानक मौत, WWE ने जताया शोक

पूर्व रेसलर एशले मासारो की अचानक मौत, WWE ने जताया शोक

Bhaskar Hindi
Update: 2019-05-18 18:21 GMT

डिजिटल डेस्क, न्यूयॉर्क। WWE की पूर्व रेसलर और सर्वाइवर : चाइना की प्रतियोगी एशले मासारो का गुरुवार को न्यूयॉर्क के सफोक काउंटी में अपने घर में निधन हो गया। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार 39 वर्षीय एशले को गुरुवार सुबह उनके घर के पास एक अस्पताल में मृत घोषित किया गया। अधिकारियों ने मौत के कारण का खुलासा नहीं किया है। उनकी बॉडी का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार एशले की मौत को सफोक कंट्री पुलिस विभाग ने नॉन क्रिमिनल कैटेगरी में रखा है।

WWE ने गुरुवार को एक बयान में कहा, हम पूर्व WWE सुपरस्टार एशले मासारो की दुखद मौत के बारे में जानकर दुखी हैं। वह 2005 से 2008 तक WWE के साथ जुड़ी रहीं। उनके साथी सुपरस्टार्स और प्रशंसक उन्हें काफी प्यार करते थे। WWE एशले के परिवार और दोस्तों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता है। वहीं एशले की दोस्त और पूर्व WWE रेसलर टोरी विल्सन ने दुख प्रकट करते हुए लिखा, मैं यह बता नहीं सकती कि एशले के बारे में सुनकर मुझे कितनी निराशा हुई है। वह बहुत प्यारी थीं और मेरे सबसे करीब थीं। इसके साथ ही ट्रिश स्ट्रैटस और बेला बहनों ने भी दुख प्रकट किया है।

 

 

एशले की एक 18 वर्षीय बेटी हैं, जिनका नाम एलेक्सा है। एलेक्सा ने मां के निधन की खबर के बाद दो अलग-अलग इंस्टाग्राम स्टोरीज से अपना दुख प्रकट किया। एलेक्सा ने एशले के साथ रेड कार्पेट की एक फोटो शेयर करते हुए लिखा, काश, मेरे पास हाल की कुछ और तस्वीरें होती। एलेक्सा ने लिखा, मैं आपसे प्यार करती हूं। मम्मी मैं आपकी बाहों में जागना चाहती थी। मैं आपको एक प्यारा सा हग देना चाहती हूं। प्लीज वापस आ जाओ। यह सच नहीं हो सकता। एलेक्सा ने एक दूसरे पोस्ट में अपनी मां एशले के साथ एक बचपन की फोटो शेयर की। इस फोटो में एलेक्सा एशले की गोद में हैं। एलेक्सा ने इसके कैप्शन में लिखा, प्लीज भगवान यह नहीं हो सकता। 

एशले ने 2005 में अपने वर्ल्ड रेसलिंग एंटरटेनमेंट (WWE) करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने अपने डेब्यू में ही  WWE डिवा सर्च का खिताब जीता था। रिंग में दो साल गुजारने के बाद एशले ने CBS सर्वाइवर के 15वें सीजन में हिस्सा लिया था। इसे 2007 में चीन में फिल्माया गया था। CBS सर्वाइवर में हिस्सा लेने के बाद उन्होंने दोबारा WWE ज्वाइन कर लिया था। 2008 में उन्होंने WWE से संन्यास ले लिया था। इसके साथी ही वह प्लेबॉय मैगजीन के अप्रैल 2007 के कवर पेज पर भी दिखाई दीं थीं। इसका खुलासा उन्होंने स्मैकडाउन के एक एपिसोड में किया था।

Tags:    

Similar News