लोकसभा चुनाव 2024: 'झारखंड में नहीं खिलेगा बीजेपी का कमल', इंडिया गठबंधन की रैली में कल्पना सोरेन का मोदी सरकार पर हमला

  • इंडिया गठबंधन की रैली में बोलीं कल्पना सोरेन
  • झारखंड में बीजेपी के हारने की कही बात
  • यात्रा के लिए राहुल गांधी का किया धन्यवाद

Anchal Shridhar
Update: 2024-03-17 17:32 GMT

डिजिटल डेस्क, मुंबई। लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। 19 अप्रैल से शुरू हो रहे इस महामुकाबले के लिए सभी दलों ने अपनी कमर कस ली है। इस बीच रविवार को देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के समापन के बाद इंडिया गठबंधन की रैली का आयोजन हुआ। इस दौरान झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन अपने पति का संदेश लेकर पहुंची। मुंबई के प्रसिद्ध शिवाजी पार्क में आयोजित इस रैली में कल्पना ने कहा कि भले ही हेमंत सोरेन जेल में हैं लेकिन आने वाला समय और चुनाव ये देखेगा कि झारखंड में बीजेपी का कमल नहीं खिलेगा। वहां अगर होगी तो सिर्फ महागठबंधन की सरकार होगी।

उन्होंने आगे कहा कि ये अलग-अलग विचारों से बना हमारा इंडिया गठबंधन है। महाराष्ट्र में विधायकों को खरीदकर सरकार गिराई गई लेकिन झारखंड में कितनी भी बड़ी शक्ति आ जाए वहां की सरकार को हिला नहीं पाएगी। जिस साजिश से मेरे पति को जेल में डालने की कोशिश की गई उसने आने वाले समय में और लोगों के नाम भी आ सकते हैं। लेकिन आपको डरना नहीं है। झारखंड झुकेगा नहीं, इंडिया झुकेगा और इंडिया रुकेगा नहीं।

राहुल गांधी का दिया धन्यवाद

कल्पना ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का धन्यवाद देते हुए कहा, "मैं राहुल गांधी का बहुत बहुत धन्यवाद करती हूं। उन्होंने अपना पसीना बहाकर लोगों को साथ में जोड़ा। उन्होंने मणिपुर की उस धरती को चुना जहां उस समय आग लगी हुई थी। मैं एक आदिवासी वर्ग से आती हूं। उस समय मणिपुर का जो हाल हो रहा था खासकर के महिलाओं का जो हाल हो रहा था उसकी सुध लेने वाला कोई नहीं था। आज भी वहां की राज सरकार मूक है। केंद्र सरकार मूक है लेकिन राहुल गांधी का हृदय इतना बड़ा है कि उनको वहां की पीड़ा दिखी।"

रैली को संबोधित करते हुए कल्पना ने आगे कहा, "मेरे ससुर शिबू सोरेन ने उस समय महाजनों के खिलाफ चुनाव लड़ा था। आज हेमंत सोरेन उसी लड़ाई को लड़ते लड़ते जेल के अंदर चले गए। लेकिन हमारे यहां की महागठबंधन सरकार ने ये दिखा दिया कि झारखंड पीछे नहीं है। झारखंड में सबके लिए योजनाएं हैं, उन्हीं योजनाओं को आगे बढ़ाते हुए हमारे मौजूदा मुख्यमंत्री चंपई चाचा अग्रसर हैं। उन योजनाओं को तेजी से बढ़ा रहे हैं।"

Tags:    

Similar News