भारत जोड़ो न्याय यात्रा: असम के मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर लगाया बड़ा आरोप, कहा- यात्रा में हुआ राहुल गांधी के हमशक्ल का उपयोग

  • असम के मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर लगाया बड़ा आरोप
  • राहुल गांधी के हमशक्ल का उपयोग होने का आरोप
  • राहुल और सरमा के बीच लगातार बयानबाजी जारी

Shiv Pathak
Update: 2024-01-25 18:20 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी लगातार जारी है। पिछले कुछ दिनों जहां कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान असम में प्रदेश के मुख्यमंत्री को लेकर कई बयान तीखे बयान दिए। वहीं सीएम सरमा भी कांग्रेस नेता और पार्टी दोनों पर हमलावर दिखाई दिए। इस बीच अब मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने असम में अपनी न्याय यात्रा खत्म कर चुकी कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी को लेकर बड़ा बयान दिया है।

असम में हुआ राहुल के हमशक्ल का इस्तेमाल

दरअसल, न्यूज एजेंसी एएनआई की ओर से एक वीडियो शेयर किया गया है। जिसमें असम के मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने बॉडी डबल का इस्तेमाल किया है। सीएम सरमा ने एक मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा, "बस में सामने जो राहुल गांधी दिखाई दे रहे हैं। वह असली राहुल गांधी नहीं हैं। राहुल गांधी अंदर आठ लोगों के बैठने वाले एक कमरे में रहते हैं।"

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा यही नहीं रुके उन्होंने रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के दौरान असम में राहुल गांधी को मंदिर में जाने से रोकने वाले मामले पर भी एक बड़ा बयान दिया। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा, "राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान असम में राहुल गांधी की न्याय यात्रा सांप्रदायिक तनाव पैदा करने की राजनीतिक साजिश थी।" इसके अलावा उन्होंने यह दावा भी किया कि राहुल गांधी ने असम में जिन-जिन जगहों पर दौरा किया है वहां-वहां भाजपा की सरकार आएगी।

राहुल गांधी की गिरफ्तारी पर भी दिया था बयान

गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी को लेकर बयान दिया है। कुछ दिनों पहले मुख्यमंत्री के आदेश के बाद असम में राहुल गांधी समेत कई कांग्रेस नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी। जिसके बाद बीते दिन सरमा ने कहा, "हमने एफआईआर दर्ज कर ली है। एक विशेष जांच दल तफ्तीश करेगा और उन्हें (राहुल गांधी को) लोकसभा चुनाव के बाद गिरफ्तार किया जाएगा। हम अभी ऐसा करते हैं तो कांग्रेस इसे राजनीतिक बदले की भावना के तहत की गई कार्रवाई बोलेगी।"

Tags:    

Similar News