लोकसभा चुनाव 2024: आज होगा लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, सात-आठ चरणों में हो सकता है मतदान

  • आज होगा लोकसभा चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान
  • सात या आठ चरणों में हो सकते हैं चुनाव
  • मई के अंत तक घोषित हो सकते हैं नतीजे

Anchal Shridhar
Update: 2024-03-15 19:46 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव होने में अब कुछ ही दिनों का समय शेष बचा है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी दलों ने इस महामुकाबले में जीत हासिल करने के लिए अपनी तैयारियां जोरों-शोरों से शुरू कर दी हैं। इस बीच शुक्रवार को चुनाव आयोग ने आगामी लोकसभा चुनाव की तारीखों को लेकर बड़ी जानकारी शेयर की। जिसमें आयोग ने शनिवार 16 मार्च की दोपहर 3 बजे चुनाव की तारीखों का ऐलान करने की बात की। इसके साथ ही ओडिशा, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और आंध्र प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान भी किया जाएगा।

चुनाव आयोग ने दी जानकारी

इसकी जानकारी खुद चुनाव आयोग की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी गई। आयोग ने बताया, "आमचुनाव 2024 और कुछ राज्य विधानसभाओं के कार्यक्रम की घोषणा करने के लिए चुनाव आयोग द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस कल यानी शनिवार, 16 मार्च को दोपहर 3 बजे आयोजित की जाएगी। इसे ईसीआई के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइवस्ट्रीम किया जाएगा।"

चुनावी कार्यक्रम की होगी घोषणा

चुनाव आयोग की ओर से आज की जाने वाली अपनी इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनावी कार्यक्रम को लेकर पूरी जानकारी दी जाएगी। इसमें लोकसभा चुनाव 2024 और कुछ राज्यों के विधानसभा चुनाव कब, कितने चरणों में होंगे और उनके लिए क्या तैयारियां की जाएंगी यह सब कुछ शामिल होगा। चुनाव की तारीखों के ऐलान के तुरंत बाद देश में आचार संहिता लग जाएगी। इसके बाद सरकार कोई भी नई योजना या फिर फैसले की घोषणा नहीं कर सकेगी। 

सात या आठ चरण में हो सकते हैं चुनाव

मौजूदा लोकसभा का कार्यकाल इस साल 16 जून को खत्म होने वाला है। इससे पहले ही नई लोकसभा का गठन किया जाएगा। बात करें पिछले लोकसभा चुनाव की तो उस समय चुनाव आयोग की ओर से 10 मार्च को चुनाव की तारीखों का ऐलान किया गया था। 11 अप्रैल से शुरू मतदान सात चरणों में पूरा हुआ था। जबकि इसके नतीजे लगभग डेढ़ महीने बाद 23 मई को घोषित हुए थे। इस बार भी कुछ ऐसा ही होने की उम्मीद है। जहां अप्रैल के दूसरे हफ्ते में चुनाव शुरू होकर सात या फिर आठ चरणों में पूरा हो सकता है। जबकि इसके नतीजे मई महीने के अंत तक सामने आ सकते हैं।

Tags:    

Similar News