कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का निधन, भारत जोड़ो यात्रा के दौरान बिगड़ी तबीयत

भारत जोड़ो यात्रा कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का निधन, भारत जोड़ो यात्रा के दौरान बिगड़ी तबीयत

Anchal Shridhar
Update: 2023-01-14 04:02 GMT
कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का निधन, भारत जोड़ो यात्रा के दौरान बिगड़ी तबीयत

डिजिटल डेस्क, जालंधर। पंजाब के जालंधर से कांग्रेस सांसद चौधरी संतोख सिंह का निधन हो गया है। वह पंजाब से गुजर रही राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में उनके साथ चल रहे थे, इस दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई थी। जिनके बाद उन्हें तुरंत एंबुलेंस के जरिए फगवाड़ा के विर्क हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया था। जानकारी के मुताबिक 76 वर्षीय संतोख सिंह का निधन हार्ट अटैक की वजह से हुआ। यात्रा आज सुबह 7 बजे से लुधियाना के लोडोवाल से शुरू हुई थी। इस दौरान करीब 8 बजकर 45 मिनट पर राहुल गांधी के साथ चल रहे संतोख सिंह अचानक जमीन पर गिर गए, जिसके बाद उन्हें फौरन एंबुलेंस से हॉस्पिटल भेजा गया। सांसद की तबीयत खराब होने पर राहुल ने यात्रा को तुरंत रोका और सीधे हॉस्पिटल पहुंचे। जहां उन्होंने संतोख सिंह के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी।

पंजाब सीएम भगवंत मान और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने जताया दुख

पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और जलंधर से सांसद संतोख सिंह के निधन पर राज्य के सीएम भगवंत मान ने दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि, 'जालंधर से कांग्रेस के सांसद संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।'

वहीं लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कांग्रेस सांसद के निधन पर दुख जताया। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'जालंधर से लोकसभा सांसद श्री संतोख सिंह जी के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। सुदीर्घ सार्वजनिक जीवन में जनहित के मुद्दों पर वे सदैव मुखर रहे। सदन में अनुशासन से अपनी बात रखना उनके व्यक्तित्व की खासियत थी। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं।' 

अंतिम संस्कार के बाद शुरू होगी यात्रा

इस घटना के बाद फिलहाल के रूकी भारत जोड़ो यात्रा आज पूरे दिन रूकेगी या फिर दोबारा शुरू होगी, इसके बारे में कांग्रेस पार्टी की तरफ से अभी तक कोई जानकारी नहीं दी गई है। हालांकि पंजाब कांग्रेस के प्रमुख अमरिंदर सिंह ने इस बारे में मीडिया से बात करते हुए कहा कि, 'अभी के लिए यात्रा रोक दी गई है।' अमरिंदर सिंह के मुताबिक, यात्रा कल दिवंगत संतोख सिंह के अंतिम संस्कार के बाद शुरु होगी।' बता दें कि तामिलनाडू के कन्याकुमारी से शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा करीब 35 सौ किलोमीटर चलकर 30 जनवरी को जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में समाप्त होगी। जहां राहुल गांधी तिरंगा फहराकर यात्रा को समाप्त करेंगे।

Tags:    

Similar News