कृषि प्रधान के साथ हरियाणा अब पर्यटन केंद्र केे रूप में भी जाना जाएगा

मनोहर लाल खट्टर कृषि प्रधान के साथ हरियाणा अब पर्यटन केंद्र केे रूप में भी जाना जाएगा

Anupam Tiwari
Update: 2021-09-29 12:11 GMT
कृषि प्रधान के साथ हरियाणा अब पर्यटन केंद्र केे रूप में भी जाना जाएगा
हाईलाइट
  • कृषि प्रधान के साथ हरियाणा अब पर्यटन केंद्र केे रूप में भी जाना जाएगा

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। हरियाणा के  मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि कृषि प्रधान राज्य के बाद हरियाणा अब एक पसंदीदा पर्यटन केंद्र के रूप में भी जाना जाएगा। श्री खट्टर ने पंचकूला जिले के मोरनी क्षेत्र के टिक्करताल में विभिन्न साहसिक खेल गतिविधियों पैरासेलिंग, पैरामोटर और जेट स्कूटर का औपचारिक उद्घाटन करने के बाद मीडिया को सम्बोधित करते हुये यह बात कही। ये गतिविधियां राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने और पंचकूला को पर्यटन की द्दष्टि से एक नया केंद्र बनाने की परिकल्पना के मद्देनजर तैयार की गई व्यापक योजना के तहत हैं।

उन्होंने कहा कि टिक्करताल में विभिन्न ऐयरो और जलक्रीड़ा गतिविधियां व्यावसायिक रूप से संचालित हो गई हैं। इनके सफलतापूर्वक संचालन के लिए स्थानीय युवाओं को सम्बंधित कौशल विकसित करने का आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इससे जहां पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा वहीं युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि पर्यटन की द्दष्टि से हरेभरे वातावरण वाला पंचकूला उन आगंतुकों के लिए एक प्रमुख आकर्षण के रूप में उभरा है जो खूबसूरत पर्वत श्रृंखलाओं का आनंद लेना चाहते हैं।

इसके लिये देश और दुनिया भर में हरियाणवी संस्कृति को बढ़ावा देने के मद्देनजर पर्यटकों के लिये होम स्टे और फार्म पर्यटन नीतियों की भी शुरूआत की गई है। इससे स्थानीय परिवारों के साथ उनके घरों में रहने और स्थानीय संस्कृति और व्यंजनों का अनुभव मिल सकेगा। श्री खट्टर ने इससे पहले यहां पहले पर्यटक सुविधा केंद्र का शिलान्यास किया और इस अवसर पर धार्मिक और दर्शनीय डे पैकेज की भी शुरुआत की। उन्होंने कहा कि पंचकूला में पहला पर्यटन सुविधा केंद्र खोला गया है। ऐसे और भी केंद्र खोले जाएंगे जो आकर्षण का केंद्र होंगे।

उन्होंने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में खेल एवं अन्य साहसिक गतिविधियों की शुरुआत कर राज्य में साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है ताकि इसे पर्यटन हब के रूप में विकसित किया जा सके। उन्होंने कहा कि बहुत से देशों में पर्यटन आय का एक मुख्य साधन है। कोरोना के समय कई देशों की आय प्रभावित हुई और लोगों की मानसिकता में बदलाव आया है। अब ये देश धीरे-धीरे आर्थिक रूप से उभर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है क्योंकि यह न केवल रोजगार प्रदान करने के लिए एक महत्वपूर्ण साधन बन गया है बल्कि निश्चित रूप से राज्य के राजस्व और सकल घरेलू उत्पाद के ग्राफ में भी वृद्धि करेगा।

उन्होंने प्रकृति और एडवेंचर प्रेमियों को मोरनी की यात्रा के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि आज इस शुरूआत के साथ सरकार ने पर्यटकों के लिए हरियाणा को सही मायनों में जानने के द्वार खोल दिए हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न गृह स्वामियों को जिन्होंने होम स्टे पॉलिसी के तहत अपना नामांकन कराया है उन्हें सम्मानित किया। इसके अलावा, फार्म स्टे नीति के तहत पंजीकृत 25 फार्मों में से आज कुछ फार्म मालिकों को प्रशंसा पत्र भी दिये गये।

उन्होंने पर्यटन विभाग शुरू की गई विभिन्न गतिविधियों के सम्बंध में आयोजित प्रदर्शनी का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव तथा सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक डॉ. अमित अग्रवाल, पर्यटन विभाग के प्रधान सचिव एम. डी2 सिन्हा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। वहीं टिक्करताल में विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, सांसद रतन लाल कटारिया, हरियाणा पर्यटन निगम के अध्यक्ष रणधीर सिंह गोलन, पूर्व विधायक लतिका शर्मा भी मौजूद थे। 

वार्ता

 

 

Tags:    

Similar News