Kolkata: BJP कार्यकर्ताओं की हत्या के खिलाफ यूथ विंग का प्रदर्शन, पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे, लाठीचार्ज किया

Kolkata: BJP कार्यकर्ताओं की हत्या के खिलाफ यूथ विंग का प्रदर्शन, पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे, लाठीचार्ज किया

Bhaskar Hindi
Update: 2020-10-08 08:43 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हावड़ा जिले में पश्चिम बंगाल सचिवालय (नाबाना) के बाहर भारतीय जनता पार्टी की यूथ विंग ने गुरुवार को विरोध रैली निकाली। ये विरोध रैली उस वक्त हिंसक हो गई जब प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए उन पर लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे। भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने कहा, पुलिस हमारे लोगों पर लाठीचार्ज कर रही है। खिदिरपुर की तरफ से पथराव किया जा रहा है। क्या पुलिस यह नहीं देख सकती? बता दें कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार में पश्चिम बंगाल में बीजेपी के कार्यकर्ताओं की कथित तौर पर हत्या के खिलाफ भाजपा का यह "नाबाना चलो"आंदोलन है।

 

 

पुलिस के साथ झड़प में प्रदेश उपाध्यक्ष राजू बनर्जी सहित कई भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गए। पार्टी कार्यकर्ताओं ने विरोध करते हुए टायरों में आग लगा दी। अर्जुन सिंह, कैलाश विजयवर्गीय, लॉकेट चटर्जी और मुकुल रॉय जैसे नेता मौके पर मौजूद थे। कानून-व्यवस्था की स्थिति सुधारने जैसी सात सूत्रीय मांगों को लेकर पार्टी की यूथ विंग ने चार क्षेत्रों से नाबाना तक एक मार्च का आयोजन किया था। नवनियुक्त भाजयुमो अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या भी हावड़ा मैदान में विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।

बीजेपी सांसद अर्जुन सिंह ने कहा कि "पुलिस अपने बल का इस्तेमाल हमारे कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए कर रही है जो शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।  ममता बनर्जी की बंगाल में यह स्थिति है।" बता दें कि महामारी का हवाला देते हुए, पश्चिम बंगाल सरकार ने किसी भी बड़ी सभा के लिए पार्टी को अनुमति देने से इनकार कर दिया था और केवल 100 लोगों को शर्तों के साथ शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक रैलियों के लिए अनुमति दी थी। सरकार ने यह भी घोषणा की कि सैनिटाइजेशन के लिए नाबाना 8 अक्टूबर से दो दिनों के लिए बंद रहेगा।

Tags:    

Similar News