सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव बोले- यूपी सरकार को वोट नहीं देंगे किसान

विधानसभा चुनाव सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव बोले- यूपी सरकार को वोट नहीं देंगे किसान

Bhaskar Hindi
Update: 2021-08-12 12:14 GMT
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव बोले- यूपी सरकार को वोट नहीं देंगे किसान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में साल 2022 में विधानसभा चुनाव होना है। लिहाजा सभी राजनीतिक दल चुनावी तैयारियों में जुट गए हैं। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश में किसानों से जुड़ने की कितनी भी कोशिश कर ले, वे भगवा पार्टी को वोट नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि किसान अगले राज्य चुनावों में भाजपा के खिलाफ एकजुट होकर मतदान करेंगे।

किसानों तक पहुंचने के लिए राज्य में किसान सम्मेलन आयोजित करने की भाजपा की योजना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, अखिलेश ने कहा, जब अन्नदाता के मतदाता बनने का समय आ गया है, तो भाजपा किसानों को याद कर रही है। किसान भाजपा के जाल में फंसने वाली नहीं है। 2022 में किसान एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ मतदान करेंगे।

भाजपा 16 से 23 अगस्त तक किसान संपर्क कार्यक्रम किसान संवाद शुरू करने जा रही है। अखिलेश ने आगे किसानों की आय दोगुनी करने के अपने वादे को पूरा नहीं करने और कृषि कानूनों को निरस्त करने की उनकी मांग के प्रति असंवेदनशीलता दिखाने के लिए भाजपा की आलोचना की।

बता दें कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में किसानों का मुद्दा अहम रहने वाला है। वहीं, कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसान नेता राकेश टिकैत दिल्ली के बाद अब लखनऊ कूच कर रहे हैं। टिकैत पहले ही ऐलान कर चुके हैं कि वो लखनऊ को दिल्ली बनाने वाले हैं। टिकैत के इस प्लान से बीजेपी को अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में नुकसान होने का डर है। इसी को ध्यान में रखते हुए अब बीजेपी ने भी लखनऊ में किसान पंचायत करने का फैसला कर लिया है। 

Tags:    

Similar News