टोक्यो ओलिंपिक तक सरकार करेगी हिमा की आर्थिक सहायता

टोक्यो ओलिंपिक तक सरकार करेगी हिमा की आर्थिक सहायता

Bhaskar Hindi
Update: 2018-07-14 18:50 GMT
टोक्यो ओलिंपिक तक सरकार करेगी हिमा की आर्थिक सहायता
हाईलाइट
  • केंद्र सरकार की टारगेट ओलिंपिक पोडियम योजना के तहत हिमा को ये सहायता दी जाएगी।
  • स्पोटर्स इंडिया की महानिदेशक नीलम कपूर ने इसकी पुष्टि की है।
  • हिमा दास को सरकार 2020 टोक्यो ओलिंपिक तक आर्थिक सहायता देगी।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत को पहली बार आईएएएफ की ट्रैक स्पर्धा में गोल्ड मेडल दिलाने वाली 18 वर्षीय एथलीट हिमा दास को सरकार 2020 टोक्यो ओलिंपिक तक आर्थिक सहायता देगी। केंद्र सरकार की टारगेट ओलिंपिक पोडियम योजना के तहत हिमा को ये सहायता दी जाएगी। स्पोटर्स इंडिया की महानिदेशक नीलम कपूर ने इसकी पुष्टि की है। बता दें कि हिमा महिला और पुरुष दोनों वर्गों में ट्रैक स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय हैं।

50,000 रुपये का OPA भत्ता
नीलम कपूर ने कहा, ‘हिमा को राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार प्रदर्शन के बाद मंत्रालय की टारगेट ओलिंपिक पोडियम योजना में शामिल किया गया। योजना के तहत उन्हें 50,000 रुपये महीने आउट ऑफ पाकेट (OPA) भत्ता और ओलिंपिक की तैयारी तक पूरी आर्थिक सहायता दी जाएगी।’ उन्होंने कहा कि "हिमा और 400 मीटर के अन्य धावकों को राष्ट्रमंडल खेलों के बाद पोलैंड में सपाला ओलंपिक अभ्यास केंद्र भेजा गया, जिसका पूरा खर्च सरकार ने उठाया।’

आर्थिक स्थिति खराब, खेती करते हैं पिता
हिमा संयुक्त परिवार में रहती हैं। उनके घर में 16 सदस्य हैं। हिमा के पिता किसान हैं, जो खेती-बाड़ी करते हैं। उनकी मां घर संभालती हैं। हिमा के कोच निपुण बताते हैं कि हिमा की आर्थिक स्थिति बहुत ज्यादा अच्छी नहीं है। जिस जगह से वह आती है, वहां अक्सर बाढ़ आ जाती है। जिस खेत या मैदान में हिमा दौड़ की तैयारी करती थीं, वह बाढ़ में पानी से लबालब हो जाता था। इस कारण ही निपुण उन्हें गुवाहाटी ले आए थे।

भारत को दिलाया गोल्ड
बता दें कि हिमा दास की वजह से भारत को पहली बार आईएएएफ की ट्रैक स्पर्धा में गोल्ड मेडल हासिल हुआ था। हिमा ने फिनलैंड के टैम्पेयर शहर में आईएएएफ विश्व अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप की 400 मीटर दौड़ जीतकर इतिहास रचा था। उन्होंने यह दौड़ 51.46 सेकंड में पूरी की थी। हिमा दास की उपलब्धि के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी थी। 

Similar News