नागपुर शहर में बनेंगे 100 ई-टॉयलेट

स्मार्ट सिटी की संकल्पना नागपुर शहर में बनेंगे 100 ई-टॉयलेट

Anita Peddulwar
Update: 2022-06-15 08:17 GMT
नागपुर शहर में बनेंगे 100 ई-टॉयलेट

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नागपुर स्मार्ट एंड सस्टेनेबल सिटी डेवलपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड शहर में 50 स्थान पर 100 ई-टॉयलेट बनाएगी। स्मार्ट सिटी संचालक मंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। ऑनलाइन बैठक में स्मार्ट सिटी के मेंटार व चेयरमैन डॉ. संजय मुखर्जी मुंबई से जुड़े। मनपा प्रशासन अौर आयुक्त राधाकृष्णन बी., संचालक मंडल सदस्य अनिरुद्ध शेनवाई, आशीष मुुकीम, नागपुर स्मार्ट सिटी सीईओ चिन्मय गोतमारे, कंपनी सेक्रेटरी भानुप्रिया ठाकुर, मुख्य वित्त अधिकारी नेहा झा बैठक में सहभागी हुए।
11.68 करोड़ रुपए खर्च अपेक्षित : नागपुर स्मार्ट सिटी सीईओ गोतमारे ने बताया कि शहर में 100 ई-टाॅयलेट बनाने का निर्णय लिया गया है। 11 करोड़, 68 लाख रुपए लागत से ई-टॉयलेट बनाए जाएंगे। मनपा के सहयोग से निकट भविष्य में जल्द ही इस निर्णय को अमलीजामा पहनाया जाएगा।

3 वाचनालयों के नवनिर्माण को मंजूरी : शहर में वाचन संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए 3 वाचनालयों का नवनिर्माण करने का निर्णय बैठक में लिया गया। आगे चलकर उसे स्मार्ट ई-लाइब्रेरी में परावर्तीत करने का प्रस्ताव पारित किया गया। शहर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय वाचनालय लक्ष्मी नगर, कस्तूरबा वाचनालय सदर और कुंदनलाल गुप्ता वाचनालय इमामवाड़ा का इसमें समावेश है। 

6 स्कूल होंगे स्मार्ट : स्मार्ट सिटी की बैठक में महानगरपालिका के 6 स्कूल स्मार्ट बनाने का निर्णय लिया गया। स्कूलों का नवनिर्माण कर विद्यार्थियों के लिए कम्प्यूटर, इंटरनेट व अन्य सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। 

सेंसरयुक्त 400 बिन्स लगेंगे
शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए जाएंगे। वहां स्मार्ट सिटी की ओर से शहर में 200 स्थान पर सेंसरयुक्त 400 बिन्स लगाए जाएंगे। इससे पहले स्मार्ट स्ट्रीट पर लगाए गए स्मार्ट बिन्स में सामने आई त्रुटियों को दूर किया जाएगा। इसके अतिरिक्त महाराष्ट्र लोकसेवा अधिकार अधिनियम 2015 के अनुसार मोबाइल एप बनाकर उसके माध्यम से 49 सेवा उपलब्ध कराने व शहर में जगह-जगह पुलिस बूथ बनाने का निर्णय लिए जाने की सीईओ गोतमारे ने जानकारी दी।
 

Tags:    

Similar News