नई वोटर लिस्ट में 40 हजार कम हुए नागपुर में मतदाता

नई वोटर लिस्ट में 40 हजार कम हुए नागपुर में मतदाता

Anita Peddulwar
Update: 2019-01-08 05:27 GMT
नई वोटर लिस्ट में 40 हजार कम हुए नागपुर में मतदाता

डिजिटल डेस्क, नागपुर। ताजा बनी वोटर लिस्ट में इस बार लगभग 40 हजार वोटर कम होने की जानकारी सामने आई है।  जिला प्रशासन की तरफ से जो ताजा वोटर लिस्ट जारी हुई है, उसके मुताबिक जिले में 40 हजार से ज्यादा वोटर कम हुए हैं। हालांकि वोटर बढ़ने व कम होने का सिलसिला लोकसभा चुनाव के पहले तक जारी रहेगा। जिले में वोटरों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। वोटर बनने के लिए जिला प्रशासन को हजारों आवेदन प्राप्त हुए हैं। 

कहां, कितने वोटर
नागपुर जिले में नागपुर व रामटेक ऐसे दो लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र हैं। दोनों ही निर्वाचन क्षेत्र में 6-6 विधानसभा हैं। वर्तमान में नागपुर लोकसभा का प्रतिनिधित्व केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी व रामटेक लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व सांसद कृपाल तुमाने कर रहे हैं। 1 जनवरी 2018 के मुताबिक जिले में 39 लाख 19 हजार 317 वोटर थे, जिसमें 20 लाख 22 हजार 603 पुरुष व 18 लाख 96 हजार 624 महिला वोटर थीं। तृतीयपंथी वोटरों की संख्या 90 थी। चुनाव आयोग के आदेश पर  जिला प्रशासन की तरफ से 1 सितंबर 2018 तक जांच-पड़ताल करने के बाद जो वोटर लिस्ट जारी की गई, उसके मुताबिक जिले में 38 लाख 78 हजार 959 वोटर हैं। इसमें 19 लाख 99 हजार 760 पुरुष व 18 लाख 79 हजार 110 महिला वोटर हैं। तृतीयपंथी का एक वोट कम यानी संख्या 89 हो गई है। 

उत्तर नागपुर में सबसे ज्यादा तृतीयपंथी 
जिले में सबसे ज्यादा तृतीयपंथी वोटरों की संख्या उत्तर नागपुर निर्वाचन क्षेत्र में है। यहां 37 तृतीयपंथी वोटर हैं। इसके बाद 12 तृतीयपंथी वोटर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के दक्षिण-पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र में हैं। उमरेड व दक्षिण नागपुर विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 1-1 तृतीयपंथी वोटर हैं। 

जिले से बाहर जाने वालाें का नाम कटा
जिन लोगों के नाम दो जगह थे, ऐसे लोगों का एक जगह से नाम कम किया गया। जो लोग जिले से बाहर गए उनके नाम  हटाए गए। जिनकी मृत्यु हुई उनके नाम भी वोटर लिस्ट से हटाए गए। जो लोग अब यहां नहीं रहते, उनके नाम भी कम हुए हैं। इस कारण 40 हजार से ज्यादा वोट कम हुए हैं। नाम जोड़ने व कम होने का काम जारी है। मतदाता बनने के लिए हजारों लोगों के आवेदन ऑनलाइन प्राप्त हुए हैं। 
-राजलक्ष्मी शाह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी नागपुर

निर्वाचन क्षेत्र       वोटर 
काटोल              260426
सावनेर              290015
हिंगना              341256
उमरेड               274897
द.प. नागपुर        357527
दक्षिण नाग.        359223
पूर्व नागपुर         346465
मध्य नागपुर       305037
प. नागपुर          338485
उत्तर नाग.         353310
कामठी            390781
रामटेक            261537
कुल              3878959

Similar News