महाकोशल, विंध्य तथा बुंदेलखंड के बॉर्डर कटनी में भाजपा का चुनावी मंथन

कटनी महाकोशल, विंध्य तथा बुंदेलखंड के बॉर्डर कटनी में भाजपा का चुनावी मंथन

Sanjana Namdev
Update: 2022-12-19 06:55 GMT
गड़चिरोली में जिला खनिज निधि का नहीं हो रहा कोई उपयाेग!

डिजिटल डेस्क, कटनी। महाकोशल, विंध्य तथा बुंदेलखंड के बॉर्डर कटनी में शनिवार को भाजपा के बड़े नेता एकजुट हुए और अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर मंथन किया। दो सत्रों में करीब साढ़े 5 घंटे चली बैठक के बाद सभी ने 2023 के चुनाव में 51 प्रतिशत से अधिक वोट शेयर हासिल करते हुए 200 पार का लक्ष्य लेकर आगे बढऩे का संकल्प लिया। भाजपा के विस्तारित प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष तथा सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि, गुजरात में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, अमित शाह और जे.पी.नड्डा के नेतृत्व में सरकार बनी है। किसी भी राज्य में इतनी बड़ी प्रचण्ड जीत पहले कभी नहीं मिली। हमें गुजरात चुनाव में 53 प्रतिशत वोट शेयर मिला है, मध्यप्रदेश में भी हम इस दिशा में आगे बढ़ रहे है। 2023 चुनाव की दृष्टि से हम 51 प्रतिशत से अधिक वोट शेयर का संकल्प पूरा करते हुये गुजरात की जीत को मध्यप्रदेश में भी दोहराएंगे। यह बैठक 2023 का शंखनाद है। यहां से हम अबकी बार 200 पार  का संकल्प लेकर राजनीतिक इतिहास बनाएंगे। इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय, केन्द्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, राष्ट्रीय मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे,  प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, महाराष्ट्र के सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया आदि उपस्थित थे।

मप्र में भाजपा के अनुकूल वातावरण : राव

प्रदेश प्रभारी  मुरलीधर राव ने कहा, प्रदेश और जिला पदाधिकारी संगठन विस्तार में अपनी भूमिका निभा रहे हैं। यह भूमिका और अधिक बढऩे वाली है, क्योंकि हमारे सामने 51 प्रतिशत से अधिक वोट शेयर बढ़ाने और 200 से ज्यादा विधानसभा सीट जीतने का असाधारण लक्ष्य है। उन्होंने कहा, इस लक्ष्य को पाने के लिए बूथ कार्य विस्तार योजना भी प्रारंभ होने वाली है। आज मध्यप्रदेश में जो अनुकूल परिस्थितियां हैं, उसे देखकर कहा जा सकता है कि हम अपने लक्ष्य को अवश्य ही पूर्ण करेंगे।

सरकार की नीतियों से जनता का विश्वास बढ़ा : विजयवर्गीय

बैठक के दूसरे सत्र को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने  कहा कि केंद्र तथा राज्य सरकार की नीतियों के कारण जनता का भारतीय जनता पार्टी पर विश्वास बढ़ा है। सरकार की नीतियों एवं संगठन तंत्र की मजबूती के कारण आने वाले चुनाव में हमें 200 पार सीटें जीतने से कोई नहीं रोक सकता। बैठक को प्रदेश संगठन महामंत्री  हितानंद ने भी संबोधित किया।

Tags:    

Similar News