नागपुर के गोरेवाड़ा में गोंडवाना थीम पर आधारित पार्क बनेगा

नागपुर के गोरेवाड़ा में गोंडवाना थीम पर आधारित पार्क बनेगा

Anita Peddulwar
Update: 2021-03-09 05:55 GMT
नागपुर के गोरेवाड़ा में गोंडवाना थीम पर आधारित पार्क बनेगा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। राज्य सरकार के बजट में बालासाहेब ठाकरे गोरेवाड़ा अंतरराष्ट्रीय प्राणी उद्यान अंतर्गत विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए गोंडवाना थीम पर आधारित  पार्क बनाने की घोषणा की गई। हालांकि इसके लिए कोई निर्धारित राशि का जिक्र नहीं किया गया है। विभाग की ओर से 90 करोड़ की मांग की गई थी। इसमें 33 करोड़ रुपए वर्तमान में जारी कार्य के लिए और बाकी राशि नए विकास कार्य के लिए है। बजट में घोषणा होने के बाद वर्ष 21-22 के बजट में गोंडवाना थीम पार्क के लिए राशि मिलने की संभावना है।

जू के उद्घाटन का किया था विरोध
नागपुर के पास बना गोरेवाड़ा इंटरनेशनल जू के उद्घाटन के वक्त कुछ आदिवासी संगठनों ने इसका विरोध किया था। इसके बाद गोरेवाड़ा परियोजना के तहत गोंड जनजाति की संस्कृति और इतिहास को चित्रित करते हुए गोंडवाना थीम पार्क की स्थापना की घोषणा की गई थी।                 

दिसंबर 2023 तक गोसीखुर्द परियोजना
विदर्भ की गोसीखुर्द राष्ट्रीय सिंचाई परियोजना के लिए एक हजार करोड़ रुपए दिए जाएंगे। जबकि परियोजना का काम दिसंबर 2023 के आखिर तक पूरा करने का लक्ष्य है। विधानसभा में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री व वित्तमंत्री अजित पवार ने साल 2021-22 का बजट पेश करते हुए यह घोषणा की। राज्य में जलसंसाधन विभाग की 278 परियोजनाओं का काम जारी है। इससे 26 लाख 88 हजार 576 हेक्टेयर सिंचाई क्षमता निर्माण हो सकेगी और  8 हजार 470 दशलाख घन मीटर जलसंचय हो सकेगा। वहीं प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत 26 परियोजनाओं का काम जारी है। इन परियोजनाओं की संशोधित लागत 21 हजार 698 करोड़ रुपए है।

साल 2021-22 में 26 में से 13 परियोजनाओं का काम पूरा करने का लक्ष्य है। सरकार की बलिराजा जलसंजीवनी योजना के तहत 91 परियोजनाओं का काम चल रहा है। परियोजना की संशोधित लागत 15 हजार 325 करोड़ 65 लाख रुपए है। इसमें से 19 परियोजनाओं को काम पूरा हो गया है। इसमें 1 लाख 2 हजार 779 हेक्टेयर सिंचाई क्षमता निर्माण हुई है। साल 2021-22 के बजट में जलसंसाधन विभाग के लिए 12 हजार 951 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। 

Tags:    

Similar News