दुर्घटना, हमला, छेड़छाड़ सहित जानिए नागपुर की अन्य वारदातें

क्राइम दुर्घटना, हमला, छेड़छाड़ सहित जानिए नागपुर की अन्य वारदातें

Anita Peddulwar
Update: 2021-09-01 07:59 GMT
दुर्घटना, हमला, छेड़छाड़ सहित जानिए नागपुर की अन्य वारदातें

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मामूली विवाद में घर में घुसकर दंपति पर हमला किया गया। इस दौरान आरोपियों ने महिला से छेड़छाड़ भी की।   ऑटो रिक्शा चालक सहित छह से सात आरोपियों पर प्रकरण दर्ज किया गया।
 
सोसायटी के प्रवेश द्वार पर खड़ा किया था ऑटो : 33 वर्षीय शिकायतकर्ता एमआईडीसी थाना क्षेत्र में रहता है। इसी क्षेत्र में ऑटो रिक्शा चालक स्वप्निल वालदे भी रहता है। 27 अगस्त को रात 8.30 बजे शिकायतकर्ता और उसकी पत्नी बाहर से कार से आए। सोसायटी के प्रवेश द्वार पर ऑटो खड़ा होने से कार अंदर नहीं जा पा रही थी। उन्होंने चालक स्वप्निल से ऑटो हटाने के लिए कहा, तो उसने मना कर दिया। इस बीच शिकायतकर्ता की पत्नी कार से उतरी और ऑटो का वीडियो बनाकर सोसायटी के ग्रुप पर डाल दिया। इस बात को लेकर हुए विवाद में स्वप्निल उसकी पत्नी, प्रफुल, प्रफुल की मां, विपुल और दो अन्य आरोपियों ने घर में घुसकर दंपति पर हमला बोल दिया। लैपटॉप तोड़ दिया और दोनों की पिटाई कर दी। इस दौरान छेड़छाड़ भी की गई। घटना की जांच-पड़ताल के बाद सोमवार को प्रकरण दर्ज किया गया।

टहल रहे युवक पर पड़ोसी ने किया हॉकी से हमला
सोनेगांव इलाके में मामूली बात पर हुए विवाद में पड़ोसी युवक पर आरोपी ने हॉकी से हमला कर उसे जख्मी कर दिया। घायल हर्षल सुधाकर हिवाले (27) की शिकायत पर सोनेगांव पुलिस ने आरोपी सागर वामन गजभिये (21) पर मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार राहुल नगर, सोमलवाड़ा निवासी हर्षल हिवाले 30 अगस्त को रात करीब 8.20 बजे भोजन कर घर के बाहर  टहल रहा था। इस दौरान पड़ोसी सागर गजभिये ने उसे अपने बड़े भाई के साथ कहीं भी जाने से मना किया। इस बीच सागर की मां वंदना गजभिये ने भी हर्षल से कहा- मेरा बेटा तेरे कारण बिगड़ रहा है। हर्षल ने जैसे ही कहा- तुम गलत बोल रही हो। यह सुनते ही सागर ने हर्षल के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और हर्षल पर  हाॅकी से हमला कर दिया तथा उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 
 
राहगीर को ट्रक ने उड़ाया
कलमना क्षेत्र में डिप्टी सिग्नल रेलवे क्रासिंग के पास राहगीर को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से जख्मी 40 वर्षीय अज्ञात राहगीर की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार 30 अगस्त को रात करीब 9.45 बजे मेहता  धर्मकांटा के पास डिप्टी सिग्नल रेलवे क्रासिंग पर ट्रक (यू.पी-70-जी.टी-0284) के चालक ने वाहन लापरवाही से वाहन चलाकर राहगीर को  टक्कर मार दी। उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर कलमना थाने की  महिला पुलिस उपनिरीक्षक खोब्रागड़े ने आरोपी चालक के खिलाफ धारा 279, 304(अ) व सहधारा  134,177 के तहत मामला दर्ज किया। मृतक की शिनाख्त की जा रही है। 

मोबाइल बंद करने को कहा तो बालिका घर से चली गई
एक बालिका को लगातार मोबाइल देखते रहने पर परिजनों ने फटकारा, तो वह घर से चली गई। हिंगना पुलिस ने धारा 363 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार एक बालिका को मोबाइल फोन पर व्यस्त देखकर परिजनों ने उसे मोबाइल फोन बंद करने के लिए कहा ताे वह नाराज होकर घर से चली गई। परिजनों ने उसकी तलाश की, जब नहीं मिली, तब उन्होंने हिंगना थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। 

किशोरी को अश्लील इशारे करने पर मामला दर्ज
 किशोरी को अश्लील इशारे करने वाले आरोपी पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी अंकुश उर्फ गुड्डू शर्मा (37) है। आरोपी पर पोक्सो एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार एक किशोरी ने एमआईडीसी थाने में आरोपी अंकुश शर्मा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उसने पुलिस को बताया कि, वह जब घर की छत पर किसी काम से गई तब आरोपी ने उसे आवाज लगाई। मुड़कर देखा तो आरोपी ने अश्लील इशारे कर गाली-गलौज की। एमआईडीसी पुलिस ने मामला दर्ज किया है।  

Tags:    

Similar News