एक क्लिक से जान सकेंगे नागपुर शहर में कोरोना संक्रमण की स्थिति

एक क्लिक से जान सकेंगे नागपुर शहर में कोरोना संक्रमण की स्थिति

Anita Peddulwar
Update: 2020-06-18 09:51 GMT
एक क्लिक से जान सकेंगे नागपुर शहर में कोरोना संक्रमण की स्थिति

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  शहर में कोरोना संक्रमण की स्थिति अब एक क्लिक से जान सकेंगे। 3-डी डिजिटल सर्विस व डैशबोर्ड के माध्यम से नागरिकों के लिए यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसमें कोरोना संक्रमितों की संख्या, एक्टिव केस, प्रतिबंधित क्षेत्र, ईपी सेंटर, समीप का कोविड अस्पताल आदि संपूर्ण जानकारी का रियलिस्टिक वैल्यू देखा जा सकेगा। इस सर्विस में 3-डी इमेज महत्वपूर्ण है। यह यूजर्स को आसानी से समझ सके, इस तरह तैयार किया गया है। नागपुर मनपा, स्मार्ट सिटी के फेसबुक और ट्‌वीटर पर भी उपलब्ध होगा।

3-डी डिजिटल सर्विस
 मनपा की ओर से नीरी व इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम देहरादून के सहयोग से गूगल अर्थ एप्लिकेशन का इस्तेमाल कर 3-डी डिजिटल सर्विस शुरू की गई है। नागपुर स्मार्ट सिटी ने एक कोविड-19 की जानकारी देनेवाला डैशबोर्ड तैयार किया है। इसकी लिंक मनपा की वेबसाइट www.nmcnagpur.gov.in पर उपलब्ध है। इस लिंक पर जाकर नागपुर शहर में कोविड-19 की अपडेट जानकारी 3-डी में प्राप्त की जा सकेगी। 3-डी के माध्यम से कोविड-19 की जानकारी उपलब्ध कराने वाली संभवत: नागपुर मनपा देश की पहली महानगरपालिका होने का दावा किया गया है। नागपुर मनपा ने नीरी, आईआईपी और स्मार्ट सिटी के साथ मिलकर यह उड़ान भरी है।

मनपा आयुक्त मुंढे ने किया लोकार्पण
 मनपा आयुक्त तुकाराम मुंढे ने कंप्यूटर पर क्लिक कर इस सेवा का लोकार्पण किया। इस अवसर पर नीरी के संचालक डॉ. राकेश कुमार, मनपा में अतिरिक्त आयुक्त राम जोशी, नीरी मुंबई के जोनल प्रमुख डॉ. रितेश विजय, प्रकल्प सहायक कौस्तुभ जिचकार, स्मार्ट सिटी के महाप्रबंधक शील घुले आदि उपस्थित थे। आईआईपी के सुनील पाठक का इस कार्य में सहयोग रहा। स्कूल, उद्यान, कार्यालयों की भी जानकारी उपलब्ध होगी मुंढे ने कहा कि यह एक शुरुआत है। नीरी के सहयोग से भविष्य में मनपा के स्कूल, उद्यान और कार्यालयों की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। नीरी के संचालक डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि इस जानकारी से नागरिकों का ज्ञान बढ़ेगा।
 

Tags:    

Similar News