बाघ के हमले में वन अधिकारी घायल

बाघ के हमले में वन अधिकारी घायल

Anita Peddulwar
Update: 2019-02-04 06:00 GMT
बाघ के हमले में वन अधिकारी घायल

डिजिटल डेस्क, रामटेक(नागपुर)। देवलापार समीपस्थ हरणाकुंड शिवार में  नागपुर-जबलपुर महामार्ग पर हुई दुर्घटना में घायल बाघ ने रेस्क्यू के दौरान पवनी के वनपरिक्षेत्र अधिकारी रितेश भोंगाडे पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल अधिकारी को प्राथमिक उपचार के बाद नागपुर मेडिकल अस्पताल में भर्ती किया गया है। उनके बाएं हाथ की तीन उंगलियां टूट गई है। सिर पर भी  गंभीर चोट आई है। अधिकारी बीस दिन पहले ही यहां पदस्थ हुए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नागपुर-जबलपुर महामार्ग पर देवलापार वनपरिक्षेत्र के हरणाकुंड शिवार में  अज्ञात वाहन ने एक बाघ को टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल बाघ रस्ता पार कर पवनी बफर जोन के कक्ष कमांक्र-582 की ओर चला गया।  सर्च ऑपरेशन के बाद खोज मुहिम बंद कर दी गई।

किसी नेता का था वाहन
उक्त दुर्घटना अज्ञात वाहन द्वारा होने की चर्चा थी। प्राथमिक तौर पर  एक वाहन कब्जे में लेकर जांच की गई। जांच के बाद वाहन वापस कर दिया गया। अज्ञात वाहन एक राजकीय नेता के होने की चर्चा दिनभर चली। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में वनविभाग, वाइल्ड लाइफ विभाग, पुलिस दल, रेस्क्यू दल के स्थायी, अस्थायी कर्मी दिन भर घायल बाघ को पकड़ने में भारी मशक्कत करते रहे।

आक्रामक हो गया है जख्मी बाघ
बताया जाता है कि बाघ के पैर में गंभीर जख्म है, जिससे उसे चलने में दिक्कत हो रही है तथा वह आक्रामक हो गया है। क्षेत्र के आसपास रहने वाले लोगों से बाघ से बच कर रहने की चेतावनी दी गई है।

सफलता नहीं मिली, कार्रवाई रोक दी
अधिकारी पर हमले के बाद घबराए दल ने कुछ समय के लिए कार्रवाई रोक दी। पुनः ऑपरेशन शुरू किया गया। रेस्क्यू पथक को मालूम था कि बाघ  दो दिन से भूखा हो सकता है, इसलिए वे उसके खाने के लिए दो बकरी भी ले गए थे, लेकिन साढ़े छह बजे तक कोई सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद कार्रवाई रोक दी गई।

Similar News