भारतीय संस्कृति की रीढ़ हैं जनजातीय समाज - मंत्री सुश्री ठाकुर!

भारतीय संस्कृति की रीढ़ हैं जनजातीय समाज - मंत्री सुश्री ठाकुर!

Aditya Upadhyaya
Update: 2021-07-08 08:07 GMT
भारतीय संस्कृति की रीढ़ हैं जनजातीय समाज - मंत्री सुश्री ठाकुर!

डिजिटल डेस्क | अनुपपुर मध्यप्रदेश का जनजातीय समाज भारतीय संस्कृति की रीढ़ है। जनजातीय समाज ने भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जुड़े रहकर अपनी चित्रकारी के माध्यम से भारतीय मूल्यों को सहेजा है। पर्यटन, संस्कृति और आध्यात्म मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने जनजातीय संग्रहालय भोपाल में भील एवं गोंड समुदाय के चित्रकारों पर एकाग्र ’चित्र शिविर’ के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। सुश्री ठाकुर ने कहा कि जनजातीय समाज की सुंदर चित्रकारी की पावन परंपरा को बढ़ावा देने तथा कलाकारों को मेहनत का उचित मूल्य और सम्मान दिलाने के लिए ’चित्र शिविर’ का आयोजन किया गया है। सुश्री ठाकुर ने प्रसिद्ध भीली चित्रकार भूरी बाई के साथ कैनवास पर चित्र उकेर कर शिविर का शुभारंभ किया।

सुश्री ठाकुर ने भूरी बाई को शाल और श्रीफल देकर उनके कला क्षेत्र में योगदान के लिए भी सम्मानित किया और आमंत्रित सभी कलाकारों का पुष्प-गुच्छ से स्वागत किया। प्रमुख सचिव संस्कृति श्री शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि संस्कृति विभाग के जनजातीय लोक कला एवं बोली विकास अकादमी द्वारा गोंड और भीली चित्रकारों द्वारा ’परंपरा में प्रकृति की महिमा’ पर केंद्रित ’चित्र शिविर’ का आयोजन किया जा रहा है। ’चित्र शिविर’ में आमजन, 70 से अधिक आमंत्रित चित्रकारों के निजी संग्रह से पेंटिंग खरीद सकेंगे। श्री शुक्ला ने बताया कि संस्कृति और पर्यटन विभाग द्वारा जनजातीय कलाकारों की पेंटिंग बेचने और खरीदने के लिए पोर्टल तैयार कर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा। इस पोर्टल पर कलाकार अपनी कलाकृति की फोटो को दाम के साथ अपलोड कर सकेंगे। हर चित्र का यूनिक आईडी जेनरेट होगा, जिससे चित्रकार को उसके चित्र का कॉपीराइट का अधिकार मिलेगा।

चित्रकार का चित्र जितनी बार आगे बिकेगा उतनी बार की रॉयल्टी उसके खाते में आएगी। मध्यप्रदेश शासन द्वारा जनजातीय कलाकारों के अधिकार और आय को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से यह कार्य किया जा रहा है। ’आज़ादी का अमृत महोत्सव’ के अवसर पर ’गमक’ श्रंखला के अंतर्गत 7 से 11 जुलाई तक दोपहर 12 से शाम 6 बजे तक ’चित्र शिविर’ आगुंतको के लिए प्रदर्शित किया जायेगा। इस अवसर पर संचालक संस्कृति श्री अदिति कुमार त्रिपाठी सहित आमंत्रित चित्रकार और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Tags:    

Similar News