मंत्री जावड़ेकर ने रामायण के लिए प्रेम सागर को दिया धन्यवाद

मंत्री जावड़ेकर ने रामायण के लिए प्रेम सागर को दिया धन्यवाद

IANS News
Update: 2020-05-02 14:00 GMT
मंत्री जावड़ेकर ने रामायण के लिए प्रेम सागर को दिया धन्यवाद

नई दिल्ली, 2 मई (आइएएनएस)। सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने रामायण सीरियल के निर्माता रहे रामानंद सागर के पुत्र प्रेम सागर को एक पत्र लिखकर धन्यवाद दिया है।

उन्होंने पत्र में लिखा है, आप और आपके परिवार की कोशिशों की वजह से ही एक बार फिर 40 साल बाद रामायण दर्शकों को देखने को मिला है। हमारी इच्छा थी कि रामायण को कोविड-19 काल में एक बार फिर से टेलीविजन पर दिखाया जाए।

मंत्री ने पत्र में कहा है कि जब 40 साल पहले रामायण दूरदर्शन पर दिखाया गया था, तो उस समय अधिकतर लोगों की पहुंच टीवी तक नहीं थी। अधिकतर लोग दूसरों के घर में जाकर सीरियल देखा करते थे। लेकिन आज स्थिति बदल गई है। टीवी की पहुंच 18 करोड़ लोगों तक हो गई है। रामायण का फिर से प्रसारण होने से आज की युवा पीढ़ी अपनी प्राचीन गौरवशाली इतिहास को जान पाई है और इस पर गर्व महसूस कर रही है।

उन्होंने कहा कि 16 अप्रैल, 2020 को रामायण विश्व का सबसे अधिक देखे जाने वाला शो बन गया था। लगभग 7 करोड़ 70 लाख लोगों ने इस दिन दूरदर्शन पर रामायण देखकर नया कीर्तिमान बनाया।

प्रेम सागर को पत्र लिखने के अलावा मंत्री ने उनसे फोन पर बात भी की और एक बार फिर इस धारावाहिक में काम करने वाले किरदारों, का शुक्रिया अदा किया।

गौरतलब है कि रामायण का प्रसारण शनिवार को खत्म हो रहा है।

Tags:    

Similar News