Hinduja Chairman Nidhan: हिंदुजा समूह के चेयरमैन गोपीचंद हिंदुजा का लंदन में निधन, 85 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जाने-माने उद्योगपति और हिंदुजा समूह (Hinduja Group) के चेयरमैन गोपीचंद पी. हिंदुजा (Gopichand P Hinduja) का मंगलवार को लंदन के एक अस्पताल में निधन हो गया। व्यापारिक जगत में उन्हें 'जीपी' के नाम से जाना जाता है और उनके परिवार में उनकी पत्नी सुनीता, पुत्र संजय और धीरज, पुत्री रीता हैं। उन्होंने 85 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया।
हिंदुजा परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार, गोपीचंद पी. हिंदुजा पिछले कुछ सप्ताह से बीमार थे और लंदन के एक अस्पताल में उनका निधन हो गया। बता दें कि, दुजा परिवार की दूसरी पीढ़ी के सदस्य गोपीचंद ने मई 2023 में अपने बड़े भाई श्रीचंद के निधन के बाद अध्यक्ष का पद संभाला था।
कौन थे गोपीचंद हिंदुजा
साल 1919 में हिंदुजा समूह की स्थापना हुई और हिंदुजा परिवार में जन्मे गोपीचंद हिंदुजा ने 1959 में मुंबई के जय हिंद कॉलेज से स्नातक की उपाधि प्राप्त की और वेस्टमिंस्टर विश्वविद्यालय से डॉक्टर ऑफ लॉ की मानद उपाधि भी प्राप्त की। उन्हें लंदन के रिचमंड कॉलेज से अर्थशास्त्र में डॉक्टरेट की मानद उपाधि भी प्रदान की गई थी। उन्होंने मुंबई में अपने पारिवारिक उद्यम के साथ अपने करियर की शुरुआत की। उन्हें उद्योग जगत में 'जीपी' के रूप में जाना जाता है। उन्होंने यूनाइटेड किंगडम में हिंदुजा समूह और हिंदुजा ऑटोमोटिव लिमिटेड दोनों के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया।
उनके द्वारा लिया गया एक महत्वपूर्ण रणनीतिक निर्णय 1984 में गल्फ ऑयल का अधिग्रहण था, जो 1987 में तत्कालीन स्ट्रगलिंग अशोक लीलैंड की खरीद से पहले हुआ था, जो भारत में पहला बड़ा एनआरआई निवेश था। इस उद्यम को अब भारत की सबसे उल्लेखनीय कॉर्पोरेट सफलता की कहानियों में से एक माना जाता है। उन्होंने इसके तीन साल बाद अशोक लीलैंड का अधिग्रहण भी किया।
हिन्दुजा समूह के बारे में
यहां बता दें कि, मौजूदा समय में हिंदुजा समूह 11 क्षेत्रों में कारोबार करता है। इनमें ऑटोमोटिव, बैंकिंग और वित्त, आईटी, स्वास्थ्य सेवा, रियल एस्टेट, बिजली, और मीडिया एवं मनोरंजन शामिल हैं। इसके कुछ पॉपुलर ब्रांडों में अशोक लेलैंड (Ashok Leyland), इंडसइंड बैंक (IndusInd Bank) और नेक्स्ट डिजिटल लिमिटेड (Next Digital Limited) शामिल हैं। पीचंद हिंदुजा के परिवार को ब्रिटेन में सबसे अमीर बताया गया था। एक रिपोर्ट में उनकी संपत्ति 32.3 बिलियन पाउंड बताई गई थी।
Created On :   4 Nov 2025 4:44 PM IST















