- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अकोला
- /
- डंपर से टकराई कार, मानोरा के दो...
Akola Manora News: डंपर से टकराई कार, मानोरा के दो युवा व्यापारियों की मौत

Akola Manora News मानोरा-कारंजा मार्ग पर कुपटा घाट के पास शनिवार सुबह करीब 10 बजे एक भीषण सड़क हादसे में मानोरा के दो युवा व्यापारियों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार डंपर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़े -रेलवे स्टेशन मार्ग पर दिन दहाड़े चाकू से किए वार, जानलेवा हमले में पार्षद पति याकूब खान की मौत, एक गिरफ्तार
मृतकों की पहचान सुफियान कादर लंघा (25) और इमरान जरीब शेख (29) दोनों निवासी मानोरा के रूप में हुई है। सुफियान रेडीमेड कपड़ों के व्यवसायी थे तथा इमरान की बस स्टैंड क्षेत्र में जनरल स्टोर है। जानकारी के अनुसार, दोनों व्यापारी अपनी दुकानों के लिए नया माल खरीदने कार से अमरावती जा रहे थे। कुपटा गांव के समीप घाट मार्ग पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों युवक वाहन के अंदर ही बुरी तरह फंस गए तथा उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस, 108 एम्बुलेंस और स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को कार से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हादसे के बाद मौके से फरार हुए डंपर चालक उत्तम तिरमाले, निवासी उल्लासवाड़ी पुसद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारम्भिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की वजह मानी जा रही है। इस हादसे से मानोरा के व्यापारी वर्ग और शहर में गहरा शोक व्याप्त है।
Created On :   4 July 2026 8:05 PM IST












