Amravati News: अमरावती एयरपोर्ट से एक वर्ष में 14 हजार यात्री, 450 से अधिक उड़ानें

अमरावती एयरपोर्ट से एक वर्ष में 14 हजार यात्री, 450 से अधिक उड़ानें
अमरावती एयरपोर्ट: उद्घाटन के समय जहां सप्ताह में केवल तीन दिन उड़ानें संचालित होती थीं, वहीं अब यह बढ़कर सप्ताह में पांच दिन हो गईं

Amravati News महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी (एमएडीसी) द्वारा विकसित अमरावती एयरपोर्ट ने अपने सफल संचालन का एक वर्ष पूरा कर लिया है। इस अवसर पर एयरपोर्ट ने क्षेत्रीय हवाई संपर्क को सुदृढ़ करने और विदर्भ के आर्थिक विकास को गति देने की दिशा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका को एक बार फिर साबित किया है। संचालन शुरू होने के बाद से अमरावती एयरपोर्ट पर उड़ानों की संख्या में निरंतर वृद्धि दर्ज की गई है। उद्घाटन के समय जहां सप्ताह में केवल तीन दिन उड़ानें संचालित होती थीं, वहीं अब यह बढ़कर सप्ताह में पांच दिन हो गई हैं। अप्रैल 2025 से अप्रैल 2026 के बीच एयरपोर्ट ने 450 से अधिक एयर ट्रैफिक मूवमेंट्स (एटीएम) संभाले हैं और 14 हजार से ज्यादा यात्रियों को सेवा प्रदान की है। यह आंकड़े एयरपोर्ट के प्रति यात्रियों के बढ़ते विश्वास और क्षेत्र के बढ़ते जुड़ाव को दर्शाते हैं।

नाइट लैंडिंग सुविधा से बढ़ेगी क्षमता : एयरपोर्ट के विकास के अगले चरण में नाइट लैंडिंग फैसिलिटी को शुरू करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। रनवे और एप्रोच लाइटिंग सिस्टम लगभग अंतिम चरण में हैं और जुलाई 2026 तक इसके शुरू होने की संभावना है। इस सुविधा के शुरू होने से एयरपोर्ट के संचालन समय में वृद्धि होगी और एयरलाइंस को अधिक लचीलापन मिलेगा।

सुरक्षा मानकों में और सुधार होगा : एयरपोर्ट की हवाई सुरक्षा और संचालन को और सुदृढ़ करने के लिए डॉप्लर वीएचएफ ओम्नी रेंज (डीवीओआर) प्रणाली का सफल कैलिब्रेशन सर्वे भी पूरा कर लिया गया है। इससे विमान संचालन में सटीकता और सुरक्षा मानकों में और सुधार होगा।


Created On :   16 April 2026 2:43 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story