Amravati News: अमरावती जिले में 3 को बारिश का ऑरेंज अलर्ट, तेज आंधी-तूफान की भी संभावना

अमरावती जिले में 3 को बारिश का ऑरेंज अलर्ट, तेज आंधी-तूफान की भी संभावना
आसमानी बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ीं

Amravati News अमरावती मौसम विभाग ने 3 जुलाई के लिए अमरावती जिले के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वर्तमान में मध्य प्रदेश से विदर्भ और तेलंगाना तक कम दबाव की द्रोणीय स्थिति बनी हुई है, जिससे पूरे विदर्भ में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञ प्रा. अनिल बंड के अनुसार, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र तटवर्ती अरब सागर क्षेत्र में चक्रवाती हवाओं का असर भी बना हुआ है। जिले में आसमानी बिजली गिरने की घटनाओं में भी वृद्धि दर्ज हुई है।

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 29 जून से 4 जुलाई तक विदर्भ के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। इस दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक, तेज हवाएं और बिजली गिरने की भी संभावना है। 29 जून से 2 जुलाई के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि 3 और 4 जुलाई को तेज आंधी और जोरदार बारिश के आसार हैं। मंगलवार को अमरावती, नागपुर, भंडारा और गोंदिया जिलों में अधिकांश जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। भंडारा और गोंदिया में कहीं-कहीं मूसलधार बारिश हो सकती है।

यवतमाल, वर्धा, चंद्रपुर और गडचिरोली में भी कई स्थानों पर बारिश होगी। 30 जून को अमरावती और यवतमाल में कुछ जगहों पर जोरदार बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं 1 जुलाई को पश्चिम विदर्भ में सामान्य बारिश और पूर्व विदर्भ व यवतमाल में मूसलधार बारिश के संकेत हैं। 2 से 5 जुलाई के बीच विदर्भ में व्यापक वर्षा का अनुमान है। अमरावती, वर्धा, नागपुर और गोंदिया जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 3 जुलाई के लिए अमरावती समेत चंद्रपुर और गडचिरोली जिलों में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

धारणी में झमाझम बारिश से किसान हर्षित : धुलघाट रोड. जिले में धारणी में सोमवार की शाम हुई झमाझम बारिश ने जहां किसानों को हर्षित किया, वहीं दूसरी ओर इस बारिश से लोगों में भी खुशी देखी गई। बारिश शाम 6 बजे से धारणी ओर आसपास में हुई। इस दौरान तेज हवाओं के साथ तेज बारिश हुई है ,जिससे बुवाई किये किसानों को फायदा मिलेगा। अमरावती शहर के साथ ही जिले में अन्य तहसीलों में सोमवार को बादल छाये थे लेकिन बारिश की जानकारी नहीं मिली। बारिश की अनिश्चितता को लेकर किसानों में चिंता व्याप्त है।


Created On :   30 Jun 2026 3:21 PM IST

Tags

Next Story