- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- अमरावती के शिरजगांव में मूसलाधार...
Amravati News: अमरावती के शिरजगांव में मूसलाधार बारिश से, मेघा नदी उफान पर, दो लोग बहे

Amravati News जिले में सोमवार मध्यरात्रि से शुरू हुई झमाझम बारिश ने जहां किसानों को राहत और नई उम्मीद दी। वहीं चांदूर बाजार तहसील के शिरजगांव कस्बे में भारी तबाही भी मचाई। मेघा नदी और बाजी नाले में आए उफान के कारण दो लोग पानी के तेज बहाव में बह गए। इनमें से एक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। मृतक का नाम पांढरी निवासी रवींद्र रामभाऊ आवारे (53) बताया गया है, जबकि गोपाल निरवार (40) की तलाश जारी है। इधर, तेज बारिश से साप्ताहिक बाजार जलमग्न हो गया और कई दुकानों में पानी घुस गया, जिससे भारी नुकसान हुआ है। क्षेत्र में नदी-नाले उफान पर होने से क्षेत्र में चार घंटे तक यातायात ठप रहा।
पुल पर पानी का अंदाजा नहीं होने से बहे : शिरजगांव से पांढरी गांव जाते समय पुल पर बह रहे पानी का अंदाजा नहीं लगने से पांढरी निवासी रवींद्र रामभाऊ आवारे (53) और गोपाल निरवार (40) तेज बहाव में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही जिला आपदा प्रबंधन दल ने घटनास्थल पर पहुंचकर तलाश अभियान चलाया। इस दौरान रवींद्र आवारे का शव बरामद कर लिया है, जबकि गोपाल निरवार की तलाश देर शाम तक जारी रही। मंडल अधिकारी परवेज पठान ने इसकी पुष्टि की है।
सातपुड़ा क्षेत्र में मेघा नदी उफान पर : सोमवार रात करीब 10 बजे मध्य प्रदेश-महाराष्ट्र सीमा से लगे सातपुड़ा पर्वतीय क्षेत्र में हुई भारी बारिश के कारण मेघा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। जिससे शिरजगांव कस्बा और आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी मच गई। लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
यह भी पढ़े -अमरावती जिले के 2.2 लाख किसानों को खरीफ में मिली बड़ी राहत, जुलाई के दूसरे हफ्ते से होगी कर्जमाफी
सुरक्षा दीवार टूटी, साप्ताहिक बाजार में घुसा पानी : लगातार तीन घंटे हुई मूसलाधार बारिश से बाजी नाला भी उफान पर आ गया। तेज बहाव के कारण नाले की सुरक्षा दीवार टूट गई और पानी का रुख सीधे साप्ताहिक बाजार क्षेत्र की ओर हो गया। इससे कई दुकानें जलमग्न हो गईं और व्यापारियों को हजारों रुपये का नुकसान हुआ। कोल्ड ड्रिंक की दुकानों, सब्जी गोदामों, वाहन सर्विसिंग केंद्रों और चाय-नाश्ते के होटलों में पानी घुस गया। व्यापारियों के अनुसार अचानक पानी घुसने के कारण उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। कई दुकानों में रखा सामान पानी में बह गया या खराब हो गया है।
चार घंटे ठप रहा यातायात, बिजली भी गुल : नदी उफान पर होने से शिरजगांव–परतवाड़ा मार्ग पर करीब चार घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। गांव की बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई, जिसे महावितरण कर्मचारियों ने देर रात मरम्मत कर बहाल किया।
Created On :   1 July 2026 11:44 AM IST













