Amravati News: अमरावती में बाहरी जिलों के पशुओं की चराई पर बैन

अमरावती में बाहरी जिलों के पशुओं की चराई पर बैन
जिलाधिकारी के आदेश, उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई

Amravati News जिले में सूखे की स्थिति के चलते चारे की उपलब्धता प्रभावित होने के बीच जिला प्रशासन ने स्थानीय पशुधन के हित में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिलाधिकारी आशीष येरेकर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिले के बाहर से तथा अन्य राज्यों से भेड़, बकरी, गाय, भैंस और अन्य पशुओं को चराई के लिए अमरावती जिले में लाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। यह आदेश 6 अक्टूबर से लागू है और अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

पशुधन के लिए चारे की चिंता : सभी 14 तहसीलों में सूखे की स्थिति बनी हुई है। कम बारिश के कारण खेतों में चारे की उपलब्धता घटने के साथ ही कई क्षेत्रों में जलस्रोतों का जलस्तर भी कम हो रहा है। नदी-नालों में पानी की कमी से पशुपालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

राजस्थान और मप्र के चरवाहों पर पड़ेगा असर: राजस्थान सहित अन्य राज्यों से चरवाहे हर वर्ष भेड़-बकरियों और ऊंटों के झुंड लेकर अमरावती जिले में चराई के लिए आते हैं। दूसरी ओर, स्थानीय पशुपालक भी चारे की कमी से जूझ रहे हैं। ऐसे में बाहरी पशुओं की चराई पर रोक लगाने के फैसले को स्थानीय पशुधन के लिए उपलब्ध चारे को सुरक्षित रखने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।



Created On :   21 Oct 2026 12:08 PM IST

Tags

Next Story