- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- वैनगंगा प्रकल्प: पहले रेडी रेकनर...
Amravati News: वैनगंगा प्रकल्प: पहले रेडी रेकनर दरें सुधारें, फिर करें भूसंपादन

Amravati News नलगंगा-वैनगंगा नदी जोड़ परियोजना के लिए चांदूर रेलवे तहसील में प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण को लेकर किसानों ने मुआवजे की दरों पर सवाल उठाए हैं। मांजरखेड कसबा के प्रभावित किसानों ने जिलाधीश और भूमि अधिग्रहण प्राधिकारी से वर्तमान बाजार भाव के अनुसार जमीनों का मूल्यांकन करने और रेडी रेकनर दरें संशोधित करने की गुहार लगाई है।
किसानों ने स्पष्ट किया कि वे विकास परियोजना के विरोध में नहीं हैं, लेकिन जमीन के बदले वास्तविक बाजार मूल्य के अनुरूप उचित मुआवजा मिलना चाहिए। उन्होंने भूमि अधिग्रहण कानून, 2013 की धारा 26 का हवाला देते हुए मूल्यांकन में मौजूदा बाजार दरों को आधार बनाने की मांग की।
किसानों के अनुसार, क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों में जमीनों के दाम बढ़े हैं। सड़क संपर्क, सिंचाई सुविधाओं, कृषि उत्पादकता और विकास की संभावनाओं के कारण वास्तविक बाजार मूल्य रेडी रेकनर दरों से अधिक हो सकता है। ऐसे में पुरानी दरों पर अधिग्रहण होने से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
वास्तविक सौदों की जांच हो : जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में कहा गया कि जमीनों की सरकारी रजिस्ट्री और वास्तविक खरीद-बिक्री की कीमतों में अंतर हो सकता है। इसलिए केवल पंजीकृत दस्तावेजों के आधार पर मूल्य तय करने के बजाय प्रशासन वास्तविक सौदों की जांच करें और प्रभावित किसानों से चर्चा करे।
Created On :   14 Oct 2026 12:27 PM IST















