- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- ऑनलाइन गेमिंग से 3 करोड़ की ठगी,...
Amravati News: ऑनलाइन गेमिंग से 3 करोड़ की ठगी, पुणे से नेटवर्क चला रहे 3 दबोचे

Amravati News ऑनलाइन गेमिंग और बैंक खातों के जरिए करोड़ों रुपए के संदिग्ध लेन-देन के मामले में अमरावती ग्रामीण साइबर पुलिस ने पुणे में छापा मारकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में नेटवर्क के जरिए करीब 3 करोड़ रुपए की साइबर ठगी सामने आई है।
पुलिस ने आरोपियों से 4.40 लाख रुपए का इलेक्ट्रॉनिक व बैंकिंग सामान जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी वरूड तहसील के रहने वाले हैं। इनमें भूषण सुभाषराव दंडाले (23, सुरली), रोशननंद राजू दंडाले (28, सावंगा) और अंकित विठ्ठलराव मुसले (26, जरूड) शामिल हैं। जांच में इनके तार पुणे से जुड़े होने की जानकारी सामने आई।
तकनीकी जांच और बैंक खातों के लेन-देन का विश्लेषण करने के बाद पुलिस टीम ने पुणे के धायरी स्थित अर्णव हाइट्स अपार्टमेंट के एक फ्लैट पर छापा मारा। यहां से 24 मोबाइल, 4 लैपटॉप, 29 एटीएम कार्ड, 13 चेकबुक, 7 पासबुक और 22 सिम कार्ड बरामद हुए।
डिजिटल उपकरण खोलेंगे नेटवर्क का राज : जब्त मोबाइल और लैपटॉप का तकनीकी व फॉरेंसिक विश्लेषण शुरू है। पुलिस बैंक खातों में हुए लेन-देन, लाभार्थियों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी खंगाल रही है। जांच आगे बढ़ने पर ठगी की रकम और नेटवर्क का दायरा बढ़ने की संभावना है।
यह भी पढ़े -गुटखा की खेप लूटकर वाहन जलाया,जमील कॉलोनी में आधी रात को वारदात, पांच के खिलाफ मामला दर्ज
Created On :   6 Oct 2026 11:38 AM IST














