Amravati News: गुटखा की खेप लूटकर वाहन जलाया,जमील कॉलोनी में आधी रात को वारदात, पांच के खिलाफ मामला दर्ज

गुटखा की खेप लूटकर वाहन जलाया,जमील कॉलोनी में आधी रात को वारदात, पांच के खिलाफ मामला दर्ज
रंगदारी बंद होने से हिस्ट्रीशीटरों की करतूत होने का संदेह

Amravati News गुटखा तस्करी से जुड़े कथित सिंडिकेट और हिस्ट्रीशीटरों के बीच विवाद की आशंका के बीच बुधवार रात जमील कॉलोनी में सनसनीखेज वारदात हुई। करीब 12.30 बजे गुटखा लदे वाहन को रोककर आरोपियों ने पूरी खेप लूट ली और वाहन को आग के हवाले कर दिया। चालक और हेल्पर ने मौके से भागकर जान बचाई। आग में वाहन, मोबाइल और अन्य सामग्री समेत करीब 12 लाख रुपए का माल जलने की जानकारी है। वारदात के बाद कुछ गुटखा पैकेट आग में फेंके जाने और उसका वीडियो बनाने की बात भी सामने आई है।

रंगदारी बंद होने के आरोप की जांच : पुलिस जांच में यह आरोप भी सामने आया है कि गुटखा तस्करी के कथित नेटवर्क से कुछ लोगों को रंगदारी दी जाती थी। पिछले दो महीने से यह रकम बंद होने के बाद विवाद बढ़ा और इसी वजह से वारदात किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है। पुलिस इस दावे की स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है।

तीन नामजद, दो अज्ञात आरोपी : पुलिस के अनुसार मो. फिजर शेख उसनुद्दीन (35), शेख अरबाज उर्फ गोलू शेख मन्नान (24), मो. असीम उर्फ लड्डू मो. इदरीस (30) तथा दो अज्ञात आरोपियों ने वाहन रोका। चालक और हेल्पर के भागने के बाद गुटखा लूटा गया और एमएच - 48- सीबी - 3247 नंबर के वाहन में आग लगाई गई। आरोपियों के खिलाफ पूर्व में गंभीर अपराध दर्ज होने की जानकारी भी पुलिस रिकॉर्ड से सामने आने की बात कही गई है।

पुलिस ने आग बुझाकर वाहन किया जब्त : घटना की सूचना मिलते ही नागपुरीगेट पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाकर वाहन जब्त किया गया। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका और रंगदारी संबंधी आरोपों की भी जांच जारी है।

Created On :   2 Oct 2026 11:54 AM IST

Tags

Next Story