- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- तपन के दिन अभी काफी हैं दूर लेकिन...
Amravati News: तपन के दिन अभी काफी हैं दूर लेकिन प्यास पर संकट लग रहा पास!

Amravati News गर्मी आने में अभी समय है, लेकिन अमरावती-बडनेरा में संभावित जलसंकट की आहट अभी से सुनाई देने लगी है। दोनों शहरों की जलापूर्ति का मुख्य स्रोत मोर्शी तहसील स्थित अपर वर्धा जलाशय है।
इस वर्ष कम बारिश और जलाशय के जलग्रहण क्षेत्र में अपेक्षित वर्षा नहीं होने से जलभंडारण प्रभावित हुआ है। फिलहाल जलाशय में करीब 353 एमएमक्यू पानी उपलब्ध है, जबकि दोनों शहरों की हर तीन माह की जरूरत करीब 58 एमएमक्यू है।
वाष्पीभवन से तेजी से घटेगा भंडार: वर्तमान में अमरावती और बडनेरा में एक दिन के अंतराल से जलापूर्ति की जा रही है। तापमान बढ़ने के साथ पानी के वाष्पीभवन की मात्रा भी बढ़ेगी। ऐसे में उपलब्ध जलभंडार तेजी से घटने की आशंका है। इसलिए गर्मी में संकट टालने के लिए अभी से पानी बचाना जरूरी है।
पाइप लाइन-वॉल्व से रोज 10% पानी बर्बाद : अपर वर्धा से तपोवन जलशुद्धिकरण केंद्र और वहां से शहर की टंकियों तक पानी पहुंचाने के दौरान करीब 10 प्रतिशत पानी रोज बर्बाद हो जाता है। कई स्थानों पर वॉल्व से रिसाव और पाइपलाइन फूटने से बड़ी मात्रा में पानी व्यर्थ बहता है। जलसंकट टालने के लिए इस बर्बादी पर रोक लगाना जरूरी है।
नवंबर से दो दिन के अंतराल पर आपूर्ति की तैयारी : जलापूर्ति विभाग नवंबर से दो दिन के अंतराल पर जलापूर्ति करने पर विचार कर रहा है। इसका उद्देश्य उपलब्ध पानी को अधिक समय तक सुरक्षित रखना है। हालांकि, इस संबंध में अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। नागरिकों को भी जलापूर्ति के अंतराल को देखते हुए पानी का संयमित उपयोग करना होगा। - संजय लेवरकर, कार्यकारी अभियंता, महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण
सरकार ने दिए 10% कटौती के निर्देश : संभावित जलसंकट को देखते हुए राज्य सरकार ने सोमवार को महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण को 10 प्रतिशत पानी की कटौती के निर्देश दिए हैं। उपलब्ध जलभंडार और भविष्य की जरूरत को ध्यान में रखकर जल नियोजन करने को कहा गया है। हालांकि, अमरावती-बडनेरा के लिए अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।
Created On :   7 Oct 2026 11:39 AM IST















