- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- अमरावती से इंदौर के लिए फ्लाइट शुरू...
Amravati News: अमरावती से इंदौर के लिए फ्लाइट शुरू करने की पहल

Amravati News अमरावती से हवाई संपर्क बढ़ाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है। अमरावती से पुणे के लिए विमान सेवा शुरू करने के प्रस्ताव के बाद अब इंदौर के लिए भी नियमित हवाई सेवा शुरू करने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी (एमएडीसी) ने इंडिगो, स्टार एयर और फ्लाई 91 विमानन कंपनियों को पत्र लिखकर अमरावती-इंदौर मार्ग पर व्यावसायिक आधार पर उड़ान सेवा शुरू करने पर विचार करने का आग्रह किया है।
एमएडीसी के उपाध्यक्ष दीपक कपूर ने ट्वीट कर यह जानकारी दी कि अमरावती से पुणे के लिए विमान सेवा शुरू करने के संबंध में तीनों निजी विमानन कंपनियों को पहले ही पत्र भेजा जा चुका है। अब इसी क्रम में अमरावती से इंदौर के लिए भी हवाई सेवा शुरू करने का प्रस्ताव उनके सामने रखा गया है।
कंपनियों से इस मार्ग की व्यावसायिक संभावनाओं का आकलन कर उड़ान संचालन पर विचार करने का अनुरोध किया गया है। व्यापार और यात्रियों को मिल सकती है राहत : अमरावती से इंदौर के बीच सीधी विमान सेवा शुरू होने पर यात्रियों को आवागमन का एक तेज विकल्प मिल सकता है। इससे व्यापार, उद्योग, शिक्षा और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े लोगों को लाभ होने की संभावना है। फिलहाल इस मार्ग पर हवाई सेवा शुरू करने का प्रस्ताव शुरुआती स्तर पर है। अब विमानन कंपनियों की प्रतिक्रिया और व्यावसायिक व्यवहार्यता के आकलन पर आगे की दिशा निर्भर करेगी।
एमएडीसी देगा पूरा सहयोग : दीपक कपूर ने स्पष्ट किया कि अमरावती से नई हवाई सेवाएं शुरू करने के लिए एमएडीसी की ओर से विमानन कंपनियों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अमरावती से अधिक शहरों के लिए हवाई संपर्क स्थापित करने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे। हालांकि, फिलहाल इंदौर मार्ग पर उड़ान शुरू करने को लेकर कंपनियों की सहमति, संचालन की योजना और संभावित समय-सारणी सामने नहीं आई है।
Created On :   14 Oct 2026 11:58 AM IST















