- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- 736 करोड़ अटके, भुगतान के लिए तरसे,...
Amravati News: 736 करोड़ अटके, भुगतान के लिए तरसे, डेढ़ साल से 400 सरकारी ठेकेदारों का बिल बकाया

Amravati News लोक निर्माण विभाग के तहत सड़क और पुल निर्माण करने वाले ठेकेदारों का अमरावती जिले में 736.09 करोड़ रुपए का भुगतान डेढ़ साल से अटका है। निर्माण कार्य पूरे करने के बाद भी राशि नहीं मिलने से 400 से अधिक ठेकेदार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। विदर्भ ठेकेदार संगठन के अनुसार, राज्य में अब तक 9 ठेकेदार आत्महत्या कर चुके हैं। इसी समस्या से जूझ रहे वरुड़ तहसील के जरुड़ में सरकारी ठेकेदार सुनील वागद्रे द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने के बाद जिले के सभी सरकारी ठेकेदार बकाया भुगतान के लिए शासन पर दबाव बनाने लामबंद हो रहे हैं।
लोकनिर्माण विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, अमरावती जिले में 400 से अधिक सरकारी ठेकेदार हैं। जिले के चार विभागों में राज्य महामार्ग के 156 निर्माण कार्य और 19 पुलों के निर्माण के 203.99 करोड़ रुपए के बिल लंबित हैं। वहीं प्रमुख जिला मार्गों के 441 निर्माण कार्यों और 35 पुलों के निर्माण के 442.10 करोड़ रुपए का भुगतान बाकी है। इसके अलावा शहरी क्षेत्रों में सड़क निर्माण के करीब 90 करोड़ रुपए बकाया हैं। इस तरह कुल लंबित राशि 736.09 करोड़ रुपए तक पहुंच गई है।
‘शासन ने ली बलि’ के लगे बैनर : लोनिवि के मुख्य कार्यालय के समक्ष अमरावती जिला ठेकेदार संगठन, राज्य अभियंता संगठन, महाराष्ट्र इंजीनियर्स एसोसिएशन अमरावती, महाराष्ट्र राज्य ठेकेदार महासंघ व जिले के सभी ठेकेदार संगठन की ओर राज्य सरकार के निषेधार्थ बैनर लगाए हैं। जिसमें आत्महत्या करने वाले ठेकेदार सुनील वागद्रे की फोटो चस्पाकर कहा है कि यह आत्महत्या नहीं शासन ने बलि ली है, सरकार व जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता से एक और जान चली गई।
शासन को भेजे जा रहे प्रस्ताव : लंबित बिलों के भुगतान के लिए शासन को लगातार पत्र और प्रस्ताव भेजे जा रहे हैं। अधिक से अधिक बिलों का भुगतान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। -आर. वाय. पाटील, अधीक्षक अभियंता, लोकनिर्माण विभाग,अमरावती
Created On :   10 Oct 2026 4:25 PM IST














