- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- चिखलदरा के सिपना कॉलेज के पास...
Amravati News: चिखलदरा के सिपना कॉलेज के पास दिनदहाड़े दो भालुओं ने मजदूर पर किया हमला

Amravati News पर्यटन नगरी चिखलदरा में वन्यप्राणियों की मौजूदगी से एक बार फिर दहशत फैल गई। सिपना कॉलेज के पास दो भालुओं ने एक आदिवासी मजदूर पर अचानक हमला कर दिया। हमले में मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, जयराम गन्नू कास्डेकर (45) सिपना कॉलेज के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान दो भालुओं ने अचानक उन पर हमला कर दिया। भालुओं के हमले से जयराम गंभीर रूप से घायल हो गए। जान बचाने के लिए जोर-जोर से मदद के लिए पुकार लगाई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे कांट्रैक्टर इमरान हुसैन ने जयराम की चीख सुनी।
उन्होंने तत्काल अपनी गाड़ी घटनास्थल की ओर दौड़ाई और भालुओं को दूर हटाकर घायल मजदूर को बचाया। इसके बाद इमरान हुसैन ने अपनी गाड़ी से ही जयराम को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जयराम की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
वन्यप्राणियों की बढ़ती मौजूदगी से चिंता : चिखलदरा शहर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार वन्यप्राणियों की मौजूदगी सामने आ रही है। इससे स्थानीय नागरिकों के साथ मजदूरों और पर्यटकों में भी चिंता बढ़ रही है। नागरिकों ने वन विभाग से आबादी वाले क्षेत्रों में वन्यप्राणियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने, नागरिकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
Created On :   17 Sept 2026 12:37 PM IST















